
रीवा। दिल्ली में तो आफताब अंसारी ने अपनी लिव इन पार्टनर श्रद्धा वालकर की हत्या कर लाश को 35 टुकड़ों में काटा था। वहीं, इस साल फरवरी में रीवा पुलिस को दुधमुनिया जंगल में एक लाश के 80 टुकड़े मिले थे। साफ तौर पर मामला हत्या का था। पुलिस ने लाश की पहचान विकास गिरि के तौर पर की थी। विकास पौधरोपण कार्यक्रम का ठेकेदार था। अब 9 महीने बाद रीवा पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने 31 साल के यूनुस अंसारी को गिरफ्तार किया है। उसने अपने साले सरताज मोहम्मद के साथ मिलकर विकास की हत्या की थी। सरताज अभी फरार है। पुलिस उसकी शिद्दत से तलाश कर रही है।
विकास गिरि रीवा के ही छुइयां गांव का रहने वाला था। उसके पिता ने फरवरी में बेटे के गुम होने की रिपोर्ट लिखाई थी। चरवाहों को 5 फरवरी 2022 को दुधमुनिया जंगल में लाश के टुकड़े मिले थे। जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी। पुलिस उसके बाद से ही हत्यारों की तलाश में जुटी थी। रीवा के एसपी नवनीत भसीन के मुताबिक ग्रामीणों ने कई बार विकास को यूनुस की बहन के साथ देखा था। खास बात ये कि विकास और यूनुस बिजनेस पार्टनर भी थे। पुलिस ने यूनुस से पहले पूछताछ की थी, लेकिन उसने इस मामले में कोई जानकारी होने से ही इनकार कर दिया था।
पुलिस को यूनुस पर पूरा शक था। ऐसे में उसे 14 नवंबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सख्ती हुई, तो यूनुस अंसारी टूट गया। उसने बताया कि विकास उसकी बहन से मारपीट करता था। उसे एक दिन घर पर यूनुस और सरताज ने रंगे हाथ पकड़ लिया। लोहे के रॉड से मारकर विकास की हत्या कर दी। फिर लाश को जंगल में ले जाकर उसके टुकड़े किए और लौट आए। पुलिस ने दोनों पर 302 के तहत केस दर्ज किया है।