newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Air India Chairman: टाटा संस के प्रमुख एन चंद्रशेखरन बने एयर इंडिया के चेयरमैन

Chandrasekaran: इस महीने की शुरुआत में, तुर्की एयरलाइंस के पूर्व प्रमुख मेहमत इल्कर आयसी, जिन्हें एयर इंडिया के नए सीईओ-एमडी के रूप में नामित किया गया था, उन्होंने पद ग्रहण करने से इनकार कर दिया था। आयसी ने अपने इस फैसले का कोई कारण नहीं बताया था।

नई दिल्ली। टाटा संस के प्रमुख एन. चंद्रशेखरन को एयर इंडिया का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। घटनाक्रम से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को टाटा समूह की बोर्ड बैठक में एयर इंडिया के अध्यक्ष पद पर मुहर लगाई गई। टाटा संस द्वारा हाल ही में एयर इंडिया का अधिग्रहण किया गया था, जिसके बाद इसके चेयरमैन की खोज जारी थी। हालांकि अब बोर्ड बैठक में इस शीर्ष पद पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी गई है। इस महीने की शुरुआत में, तुर्की एयरलाइंस के पूर्व प्रमुख मेहमत इल्कर आयसी, जिन्हें एयर इंडिया के नए सीईओ-एमडी के रूप में नामित किया गया था, उन्होंने पद ग्रहण करने से इनकार कर दिया था। आयसी ने अपने इस फैसले का कोई कारण नहीं बताया था।

flight

पिछले महीने, टाटा समूह के नेतृत्व वाली एयर इंडिया ने आयसी को एयरलाइन के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की थी। उस समय, आयसी ने इस पद को स्वीकार करते हुए कहा था कि वह “एक प्रतिष्ठित एयरलाइन का नेतृत्व करने और टाटा समूह में शामिल होने के विशेषाधिकार को स्वीकार करने के लिए खुश और सम्मानित हैं।” उनकी ओर से 1 अप्रैल या उससे पहले कार्यभार संभालने की उम्मीद थी। आयसी (51), हाल तक तुर्की एयरलाइंस के अध्यक्ष थे और उससे पहले इसके निदेशक मंडल में भी थे। हाल ही में, टाटा समूह ने एक नीलामी में 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की बोली लगाकर केंद्र सरकार से कर्ज में डूबी सरकार के स्वामित्व वाली एयर इंडिया को खरीदा और 27 जनवरी को इसने एयरलाइंस का पूर्ण नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया।

आयसी

कौन हैं नटराजन चंद्रशेखरन

एन. चंद्रशेखरन का जन्म 1963 में तमिलनाडु के मोहनूर में हुआ था। इन्होंने नेशनल इंस्ट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से एमसीए (MCA) की पढाई की है। चंद्रशेखरन 1987 में टाटा समूह के साथ जुड़े थे और उन्हीं के नेतृत्व में टीसीएस टाटा समूह की सबसे बड़ी कंपनी बनने के साथ-साथ मुनाफे के टर्म्स में भी सबसे अधिक कामयाब साबित हुई। चंद्रा के नाम से मशहूर चंद्रशेखरन को अक्टूबर 2016 में टाटा संस के बोर्ड में शामिल किया गया था। जनवरी 2017 में उन्हें चेयरमैन के पद पर नियुक्त किया गया था और फरवरी 2017 में उन्होंने यह पद संभाला था। वह टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टाटा पावर और टीसीएस जैसी कंपनियों के बोर्ड में भी चेयरमैन हैं।