newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bihar Politics : चिराग पासवान ने अरूण भारती को जमुई से बनाया उम्मीदवार, जानिए कौन हैं अरुण जिनपर चिराग ने जताया भरोसा…

Bihar Politics : सिंबल मिलने के बाद अरुण भारती ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा कि चिराग जी के नेतृत्व में हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के लिए अबकी 400 पार के लिए अपना योगदान दूंगा। जमुई के विकास लिए मैं हमेशा तत्पर हूँ।

नई दिल्ली। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने जमुई सीट से अपने उम्मीदवार के नाम का एलान कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान ने अरूण भारती को जमुई से अपनी पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया है। इससे पहले चिराग पासवान खुद अपने दिवंगत पिता रामविलास पासवान की कर्मभूमि कही जाने वाली हाजीपुर संसदीय सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। इस प्रकार एनडीए से मिली पांच लोकसभा सीटों में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के दो उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है और तीन बाकी हैं। अरूण भारती ने चिराग पासवान से सिंबल लेते हुए सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर यह जानकारी दी है। अरुण भारती ने सोशल मीडिया साइट पर लिखा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय चिराग पासवान ने उनको सिंबल प्रधान किया है।

अरुण भारती और चिराग पासवान के बीच गहरा रिश्ता है। अरुण भारती चिराग पासवान की बहन निशा पासवान के पति हैं और पेशे से इंजीनियर हैं। गौरतलब है कि दिवंगत रामविलास पासवान ने दो शादियां की थीं। उनकी दूसरी पत्नी रीना पासवान से उनके दो बच्चे हैं, एक चिराग पासवान और दूसरी निशा पासवान। अरुण भारती निशा पासवान के पति हैं। लोजपा-रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान ने जमुई सीट से अपने बहनोई अरुण भारती को राजनीति में लॉन्च कर दिया है। वैसे अरूण भारती का परिवार भी राजनीतिक रहा है। उनकी मां डॉक्टर ज्योति भोजपुर जिले की सहार सीट से दो बार कांग्रेस की विधायक रही हैं। बाद में विधान परिषद की सदस्य भी रहीं। अभी भी वो कांग्रेस की मुखर नेताओं में से एक हैं। कांग्रेस सरकार में वो मंत्री भी रह चुकी हैं।

उधर, सिंबल मिलने के बाद अरुण भारती ने लिखा है कि हमारे नेता एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय चिराग पासवान के द्वारा मुझे जमुई लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए पार्टी का सिंबल प्रदान किया गया है। मैं पार्टी और राष्ट्रीय का आभार प्रकट करता हूं, जिन्होंने मुझपर भरोसा जताया। मैं पापा जी (रामविलास पासवान) द्वारा दिखाए गये पद चिन्हों पर आगे बढूँगा और चिराग जी के नेतृत्व में हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के लिए अबकी 400 पार के लिए अपना योगदान दूंगा। जमुई के विकास लिए मैं हमेशा तत्पर हूँ। मुझे पूर्ण भरोसा है की जमुई लोकसभा की जनता मुझे अपना आशीर्वाद देगी। अरुण भारती 2019 में ही लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन रामविलास पासवान ने तीनों सुरक्षित सीट बेटे और दो भाइयों में बांट दी, जिससे उनके लिए जगह नहीं बन पायी थी।