
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। राज्य में चुनाव प्रचार कल थम चुका है। हालांकि मध्य प्रदेश में चुनावी शोरगुल थमने के बाद अब प्रत्याशी डोर-टू-डोर प्रचार कर रहे है। सभी उम्मीदवार लोगों के घर-घर जाकर वोट देने की अपील कर रहे है। वहीं वोटिंग से ठीक एक दिन पहले गुरुवार को राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लाडली बहना के घर पहुंचे। इस दौरान सीएम शिवराज ने बहन आशा के घर भोजन भी किया। जिसका वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सीएम के घर पहुंचने पर बहनों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी लाडली बहना आशा शर्मा, माया शर्मा के आग्रह पर आज दोपहर 1 बजे उनके घर पहुंचे। बता दें कि आशा शर्मा, माया शर्मा बहने टिफिन सेंटर चलाती है।
इस दौरान सीएम शिवराज सिंह ने सभी महिलाओं से संवाद किया और कई विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा अब लाडली बहना योजना के बाद हम लखपति बहना योजना लगाए। हर कोई चाहे कि थोड़ी सी मदद और सुविधा मिल जाए। हर बहन बड़े काम कर सकती है। क्यों गरीब रहे और आंसू बहाए। इस दौरान मुख्यमंत्री बच्चों के साथ मस्ती करते हुए भी दिखे। उन्होंने बच्चों के संग संवाद भी किया। इसके बाद उन्होंने बहना आशा शर्मा के घर पर भोजन भी किया। उन्होंने बहनों के यहां गिलकी की सब्जी, दाल और रोटी खाई।
सीएम शिवराज ने बताया कि खाना बहुत ही स्वादिष्ट है। उन्होंने अपने हाथों से बहनों को मिठाई भी खिलाई। बहना ने मुख्यमंत्री के घर आने पर बहुत खुशी जताई। आखिर में सीएम ने कहा बहने अपने भाई से निर्मल प्रेम चाहती है और वो हमेशा चाहती है कि भाई प्रसन्न रहे। मेरी जिंदगी का मकसद भी यही है। बहने खुश रहे..और लगातार आगे बढ़े… अच्छा जीवन जिए। अपनी बहनों के घर आकर बहुत खुश हूं। मैं सौभाग्यशाली अपनी बहन आशा के घर भोजन करने आया। चुनाव प्रचार के बाद मैंने यहां राहत की सांस ली।
बता दें कि मध्य प्रदेश में एक चरण में 17 नवंबर को वोटिंग होनी है। चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को घोषित होंगे।राज्य में भाजपा की सरकार है और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। हालांकि इस बार चुनाव दिलचस्प मुकाबला हो सकता है क्योंकि सपा और बसपा ने अपने प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में उतरे है।