
नई दिल्ली। किसान आंदोलन (Kisan Andolan) को लेकर पॉप सिंगर रिहाना के ट्वीट के बाद अब उनका भारत में भी कई मशहूर हस्तियों ने जमकर विरोध किया है। इसी कड़ी में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने भी किसान आंदोलन का समर्थन करने वाली विदेशी हस्तियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘भारत की संप्रभुता से किसी भी तरह का कोई भी समझौता नहीं किया जा सकता है। बाहरी ताकतें इसे देख तो सकती हैं, लेकिन इसमें हिस्सा नहीं ले सकती हैं। भारत को भारतीय जानते हैं और भारत को लेकर फैसले ले सकते हैं। एक देश के तौर पर हम एक रहते हैं।’
लेकिन भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने जो भारत की एकजुटता की बात कही वो कांग्रेसियों को रास नहीं आई। इतना नहीं कांग्रेस नेताओं को सचिन का यह ट्वीट इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने विरोध करते हुए शर्मनाक हरकत कर डाली। दरअसल केरल के कोच्चि में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तेंदुलकर के कटआउट पर कालिख पोत दी। इतना ही नहीं कांग्रेसी नेताओं ने मास्टर ब्लास्टर के कटआउट पर काला तेल गिराया और विरोध में नारे लगाए। बता दें कि कृषि कानून विरोधी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में आए दूसरे देशों के कुछ नामचीन लोगों के खिलाफ ट्वीट करने पर युवा कांग्रेस सदस्यों ने सचिन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
Kerala: Members of Indian Youth Congress pour black oil on a cut-out of Sachin Tendulkar in Kochi, over his tweet on international personalities tweeting on #FarmLaws. pic.twitter.com/Vy2DYuDk15
— ANI (@ANI) February 5, 2021
वहीं भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा सचिन तेंदुलकर का अपमान करना महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर लोगों ने भारत रत्न सचिन का अपमान करने पर कांग्रेस की क्लास लगा डाली।
गौरतलब है कि कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन को लेकर दुनिया भर में बवाल मचा है। बीते दिनों मशहूर अंतरराष्ट्रीय हस्तियों ने आंदोलन को लेकर ट्वीट किया था और प्रदर्शन स्थल पर इंटरनेट बैन और अन्य मामलों पर चिंता जाहिर की थी। इसके बाद से कई भारतीय हस्तियों ने देश के आंतरिक मामलों में दखल न देने की अपील करते हुए सिलसिलेवार तरीके से कई काउंटर ट्वीट किए।