newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज वोटिंग, मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे के मुकाबले हैं शशि थरूर

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए इससे पहले चुनाव साल 2000 में हुआ था। उस वक्त सोनिया गांधी के सामने कद्दावर नेता जीतेंद्र प्रसाद थे। चुनाव में जीतेंद्र प्रसाद को 100 से भी कम वोट मिले थे। इस बार सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका ने एलान किया कि वे अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। पहली बार नेहरू-गांधी खानदान से कोई मैदान में नहीं होगा।

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज वोटिंग का दिन है। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक 9000 से ज्यादा वोटर इस पद के चुनाव में वोट डालेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए दो दावेदार 80 साल के मल्लिकार्जुन खड़गे और 66 साल के शशि थरूर हैं। वोटिंग के लिए देशभर में 36 पोलिंग स्टेशन और 67 बूथ बनाए गए हैं। भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी और उनके साथ 40 डेलीगेट्स कर्नाटक के बेल्लारी में वोट डालेंगे। वहीं, कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनकी बेटी और महासचिव प्रियंका दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में वोटिंग करेंगी।

congress president election ballot paper and box
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए ऐसा है बैलट पेपर और बैलट बॉक्स

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए इससे पहले आखिरी बार चुनाव साल 2000 में हुआ था। उस वक्त सोनिया गांधी के सामने पार्टी के कद्दावर नेता जीतेंद्र प्रसाद थे। हालांकि, चुनाव में जीतेंद्र प्रसाद को 100 से भी कम वोट मिले थे। इस बार सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका ने एलान किया कि वे अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके बाद ही पहले शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का एलान किया। जिसके बाद खड़गे भी मैदान में उतरे। बीच में राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के चुनाव लड़ने की चर्चा थी, लेकिन राजस्थान में विधायकों के बागी तेवरों के बाद गहलोत ने मैदान में न उतरने का फैसला किया। किसी जमाने में राहुल गांधी के राजनीतिक गुरु कहे जाने वाले दिग्विजय सिंह ने भी नामांकन पत्र लिया था, लेकिन वो भी खड़गे के समर्थन में नहीं उतरे।

congress

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बैलट पेपर में वोटर को अपनी पसंद के नाम के सामने टिक का चिन्ह लगाना होगा। वोटिंग के बाद पूरे देश से बैलट बॉक्स दिल्ली लाए जाएंगे। 19 अक्टूबर को काउंटिंग होगी। काउंटिंग से पहले सभी बैलट पेपर मिला दिए जाएंगे। ताकि ये पता न चल सके कि किस राज्य या केंद्र शासित प्रदेश से किस उम्मीदवार को कितने वोट मिले।