newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

यूपी: गोरखपुर के बाद अब बलिया में मिले मरे चमगादड़, इलाके में फैली दहशत

गोरखपुर के बाद बलिया में भी ऐसे ही हालात बन गए हैं। स्थानीय लोग इस बात से दहशत में हैं कि इलाके में कई चमगादड़ मरे हुए मिल रहे हैं।

नई दिल्ली। थोड़े दिनों पहले गोरखपुर से चमगादड़ों के मरे हुए मिलने की खबर के बाद जहां एक और इलाके में दहशत का माहौल था वहीं प्रशासन ने भी आनन-फानन में इन मरे चमगादड़ों की टेस्टिंग के इंतजाम किए थे। अब गोरखपुर के बाद बलिया में भी ऐसे ही हालात बन गए हैं। स्थानीय लोग इस बात से दहशत में हैं कि इलाके में कई चमगादड़ मरे हुए मिल रहे हैं।

Bats

कोविड-19 महामारी की दहशत के बीच गोरखपुर के बाद अब बलिया जिले में भी चमगादड़ों के मर कर पेड़ों से गिरने की घटना से सनसनी फैल गई है। मनियर क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के खड़ैंचा मौजे में साधन सहकारी समिति के पास बगीचे में वर्षों से पेड़ों पर चमगादड़ रहते हैं। ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिन से चमगादड़ मर कर पेड़ों से गिर रहे हैं। जिला वन अधिकारी ने बताया कि वन विभाग के संज्ञान में यह मामला आया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी ने चार मृत चमगादड़ को अपनी सुपुर्दगी में लिया है।

delhi corona

मृत चमगादड़ का नमूना जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पायेगा। स्वास्थ्य विभाग और वन विभाग के साथ ही पशु चिकित्साधिकारियों की टीम बुधवार को मौके पर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृत चमगादड़ों का नमूना लिया।

पिछले दिनों गोरखपुर के बेलघाट इलाके में भी बड़ी संख्या में चमगादड़ संदिग्ध हालात में मरे पाए गए थे। ग्रामीण इसे कोरोना वायरस से जोड़ कर देख रहे हैं। हालांकि जिला प्रशासन ने आशंका जताई है कि उनकी मौत अत्यधिक गर्मी पड़ने और पानी उपलब्ध ना होने की वजह से हुई होगी। मृत चमगादड़़ों के सैंपल जांच के लिए बरेली स्थित भारतीय पशु अनुसंधान संस्थान भेजे गए हैं।