
नई दिल्ली। कोरोना महामारी के बीच गोरखपुर में तीन सौ चमगादड़ों की मौत से हड़कंप मच गया है। ये चमगादड़ गोरखपुर में बेलघाट गांव के एक बाग में मृत पाए गए हैं। अचानक इतनी बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मौत से उस इलाके में कोहराम की स्थिति है। इन चमगादड़ों के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा गया है।
दरअसल गोरखपुर के बेलघाट स्थित ध्रुव नारायण शाही के बाग में सुबह बड़े पैमाने पर चमगादड़ मृत देखे गए। थोड़ी देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कोरोना संक्रमण को लेकर ग्रामीणों में चमगादड़ से दहशत फैल गयी। इसके बाद मृत चमगादड़ों को एकत्रित करके पोस्टमार्टम के लिए उनके शव को बरेली भेजा गया। आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी और तालाब के सूखे होने की वजह से इन चमगादड़ों की मौत हो सकती है।
बेलघाट स्थित राधाकृष्ण सत्संग मंदिर के बाग में भी कुछ चमगादड़ मृत पाए गए हैं। ये चमगादड़ ध्रुव नारायण शाही के बाग से थोड़ी दूरी पर स्थित रोहित शाही के बाग पर पेड़ पर रहते रहे हैं। सोमवार दोपहर करीब दो बजे भी कुछ चमगादड़ मृत संख्या में देखे गए थे। इन चमगादड़ों में से तीन के शव सुरक्षित जार में रखकर उसे पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा गया है।