newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

IT Raid On AAP Mla: अब आम आदमी पार्टी के विधायक गुलाब सिंह यादव के यहां इनकम टैक्स ने मारा छापा, 2022 में पार्टी कार्यकर्ताओं पर लगा था इनको पीटने का आरोप

IT Raid On AAP Mla: गुलाब सिंह यादव खुद को केजरीवाल का सिपाही बताते हैं। गुलाब सिंह यादव पर टिकट बेचने का आरोप लगाकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने निशाना साधा था। साल 2022 में आप कार्यकर्ताओं पर उनको पीटने का भी आरोप लगा था।

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक गुलाब सिंह यादव के घर इनकम टैक्स ने छापा मारा है। इनकम टैक्स का ये छापा किस मामले में मारा गया है, इसकी जानकारी खबर लिखने तक नहीं मिली थी। सूत्रों के मुताबिक इनकम टैक्स की टीम आज सुबह आम आदमी पार्टी विधायक गुलाब सिंह यादव के घर पहुंची और छापे की कार्रवाई शुरू की। गुलाब सिंह दूसरी बार आम आदमी पार्टी के टिकट पर विधायक बने हैं। वो दिल्ली की मटियाला विधानसभा से चुने जाते रहे हैं। गुलाब सिंह यादव गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रभारी रह चुके हैं।

गुलाब सिंह यादव ने शराब घोटाला मामले में ईडी के हत्थे चढ़े सीएम अरविंद केजरीवाल के समर्थन में एक्स पर पोस्ट किया था। उन्होंने इस पोस्ट में पीएम नरेंद्र मोदी के बारे में लिखा था। गुलाब सिंह यादव ने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा था कि पीएम मोदी का एक ही काल अरविंद केजरीवाल हैं। बता दें कि शराब घोटाला मामले में ईडी ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया है और कोर्ट 6 दिन की रिमांड पर केजरीवाल को जांच एजेंसी के हवाले कर चुकी है। गुलाब सिंह यादव खुद को केजरीवाल का सिपाही बताते हैं और एक्स पर पीएम मोदी के खिलाफ उनका पोस्ट चर्चा में रहा है। गुलाब सिंह यादव पर टिकट बेचने का आरोप लगाकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने निशाना साधा था। साल 2022 में आप कार्यकर्ताओं पर उनको पीटने का भी आरोप लगा था।

आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं पर 2022 में गुलाब सिंह यादव की पिटाई का आरोप भी लगा था।

गुलाब सिंह यादव के यहां इनकम टैक्स छापे से पहले ईडी ने अरविंद केजरीवाल सरकार और आम आदमी पार्टी के नेताओं पर एक्शन लिया है। मनीष सिसोदिया को शराब घोटाला मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को भी ईडी शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान पर भी ईडी का एक्शन हो चुका है। अब गुलाब सिंह यादव के यहां इनकम टैक्स की छापेमारी में क्या खुलासा होता है, इसका इंतजार है। फिलहाल केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई से सियासत जरूर गरमाई हुई है।