
मुंबई। शिवसेना के सांसद संजय राउत के बाद अब उनकी पत्नी वर्षा भी मुसीबत में घिरती दिख रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज वर्षा को पूछताछ के लिए बुलाया है। ये मामला पात्रा चॉल घोटाले का है। ईडी का आरोप है कि संजय और वर्षा ने इस घोटाले के जरिए काफी रकम हासिल की और उससे प्रॉपर्टी खरीदी। ईडी ने पहले ही संजय राउत को गिरफ्तार किया हुआ है। अगर वर्षा ईडी के सवालों के जवाब न दे सकीं, तो उनपर भी कार्रवाई होने के आसार हैं। सूत्रों के मुताबिक ईडी के अफसर आज संजय राउत और वर्षा को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ करेंगे। वो देखेंगे कि संजय राउत ने जो जवाब दिए हैं, उनसे वर्षा के जवाब कितना मेल खाते हैं। साथ ही क्या वर्षा कोई और ऐसी जानकारी भी देती हैं, जो इस जांच में आरोपियों के खिलाफ मजबूत सबूत के तौर पर काम आ सके।
बता दें कि मुंबई के गोरेगांव इलाके में स्थित पात्रा चॉल के विकास में वित्तीय अनियमितता हुई। इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप संजय राउत पर लगा है और वो 8 अगस्त तक ईडी की हिरासत में भेजे गए हैं। ईडी अब वर्षा के अलावा अन्य आरोपियों को भी संजय राउत के सामने बिठाकर पूछताछ कर सकता है। इससे पहले वर्षा से ईडी ने कई बार पूछताछ की थी। इस मामले में वर्षा राउत का नाम इस वजह से आया है कि उनके नाम कई प्रॉपर्टी खरीदी गईं। वर्षा और स्वप्ना पाटकर के नाम 10 प्लॉट अलीबाग में खरीदे गए। ईडी ने कोर्ट में बताया है कि संजय राउत और उनके परिवार को पात्रा चॉल घोटाले से 1 करोड़ से ज्यादा की रकम मिली।
इस साल अप्रैल में ईडी ने संजय राउत के करीबी प्रवीण राउत को गिरफ्तार करते हुए उसकी 9 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की थी। तभी वर्षा की 2 करोड़ रुपए की संपत्ति भी जब्त की गई थी। ईडी को उस वक्त पता चला था कि अलीबाग में प्रवीण राउत के पास 8 प्लॉट और वर्षा के नाम एक फ्लैट है। हालांकि, संजय राउत ने लगातार कहा है कि उनके और वर्षा के खिलाफ ईडी की कार्रवाई गलत है और सियासत की वजह से उनको फंसाया जा रहा है।