newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना में पात्र महिलाओं के लिए अच्छी खबर, सीएम डॉ. मोहन यादव ने धनराशि बढ़ाने का किया फैसला, जानिए कब से मिलेगी बढ़ी रकम?

Ladli Behna Yojana: अभी मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना के तहत हर महीने पात्र महिलाओं को 1250 रुपए मिलते हैं। मध्य प्रदेश का सीएम रहते वक्त शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहना योजना शुरू की थी। शिवराज सिंह की तरफ से लाडली बहना योजना शुरू किए जाने से चुनाव में बीजेपी को जबरदस्त फायदा हुआ था। मध्य प्रदेश की महिलाओं ने जमकर बीजेपी को वोट दिया था। इससे सरकार बनाने का कांग्रेस का सपना चूर-चूर हो गया था।

भोपाल। मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। मध्य प्रदेश में सीएम डॉ. मोहन यादव ने लाडली बहना योजना के तहत दी जाने वाली धनराशि को बढ़ाने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक मोहन यादव सरकार मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना में शामिल महिलाओं को इस साल दिवाली से हर महीने 1500 रुपए देगी। अभी मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना के तहत हर महीने पात्र महिलाओं को 1250 रुपए मिलते हैं। मध्य प्रदेश का सीएम रहते वक्त शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहना योजना शुरू की थी। अब शिवराज सिंह चौहान केंद्र में कृषि मंत्री हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहना योजना की शुरुआत मध्य प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव से पहले की थी। शिवराज सिंह की तरफ से लाडली बहना योजना शुरू किए जाने से चुनाव में बीजेपी को जबरदस्त फायदा हुआ था। मध्य प्रदेश की महिलाओं ने जमकर बीजेपी को वोट दिया था। जिससे मध्य प्रदेश में सरकार बनाने का कांग्रेस का सपना एक बार फिर चूर-चूर हो गया था। लाडली बहना योजना की शुरुआत करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि आगे चलकर हर पात्र महिला को इस योजना के तहत 3000 रुपए दिए जाएंगे। शिवराज सिंह इसके बाद लोकसभा चुनाव लड़कर केंद्र पहुंच गए, लेकिन सीएम बनने के बाद डॉ. मोहन यादव ने लाडली बहना योजना जारी रखी।

मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना शुरू होने के वक्त 1.25 लाख महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा था, लेकिन अब लाडली बहना योजना की पात्र महिलाओं की संख्या 1.29 करोड़ के पार जा चुकी है। पहले इस योजना में हर महीने 1000 रुपए दिए जा रहे थे। मध्य प्रदेश का सीएम बनने के बाद डॉ. मोहन यादव ने लाडली बहना योजना की धनराशि को बढ़ाकर 1250 रुपए प्रति माह किया था। माना जा रहा है कि अगले दो साल के भीतर मध्य प्रदेश लाडली बहना योजना के तहत धनराशि में और बढ़ोतरी की जाएगी। हालांकि, दिवाली से ज्यादा धनराशि मिलने के कारण मध्य प्रदेश की लाडली बहनों के चेहरे अभी से जरूर खिल उठे होंगे।