
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गैंग का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग एक मदरसे में नकली नोट छापते थे जिससे किसी को शक न हो। मदरसे का मौलवी भी नकली नोट छापने वालों के साथ मिला हुआ था और इसमें उसका शेयर था। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से 100-100 के 1 लाख 30 हजार मूल्य के नकली नोट बरामद किए हैं। डीसीपी दीपक भूकर ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का इनाम भी दिया है।
इस बारे में जानकारी देते हुए डीसीपी नगर दीपक भूकर ने बताया कि सिविल लाइंस थाना पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने प्रयागराज के कौली थाना क्षेत्र के अंधीपुर रोड गौसनगर का रहने वाला मो. अफजल, मोहम्मद शाहिद, अतरसुईया थाना का मोहम्मद तफसीरूल और ओडिशा का रहने वाला जाहिर खान उर्फ अब्दुल जाहिर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ओडिशा का रहने वाला जाहिर खान उर्फ अब्दुल जाहिर इस गैंग का मास्टरमाइंड है। उसे नकली नोट छापने में महारत हासिल है।
यूपी: प्रयागराज में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गैंग का खुलासा किया है। मदरसे में नकली नोट छापने वाले गैंग के चार अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से 100 रुपए के 13000 नकली नोट यानी एक लाख तीस हजार मूल्य के नकली नोट बरामद किए गए हैं।… pic.twitter.com/VehPHYtVtN
— IANS Hindi (@IANSKhabar) August 28, 2024
डीसीपी के मुताबिक मदरसे में बच्चों की छुट्टी होने के बाद जाहिर खान उर्फ अब्दुल जाहिर प्रिंटिंग मशीन के जरिए नकली नोट छापता था। मो. अफजल और मो. शाहिद इस काम में उसकी मदद करते थे। जबकि मदरसे के मौलवी मोहम्मद तफसीरूल इन नोटों को बाजार में खपाने में उनकी मदद करता था। पिछले तीन-चार महीने से यह लोग नकली नोट की छपाई का काम कर रहे थे। पुलिस ने अनुसार गिरोह के लोग युवाओं को टारगेट करते हुए उन्हें 100 रुपए के असली नोट के एवज में 3 नकली नोट देते थे। इस तरह नकली नोट की छपाई से लेकर उसे बाजार में खपाने तक एक पूरा सिंडिकेट काम कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन लोगों ने नकली नोट कहां-कहां खपाए हैं और इसमें और कौन-कौन शामिल है।