newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Asim Munir: पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने फिर कश्मीर का अलापा राग, भारत को करारा जवाब देने का फर्जी दावा भी किया

Asim Munir: पाकिस्तान की सेना के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने भले ही बड़े दावे किए, लेकिन पूरी दुनिया को पता है कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान के 11 एयरबेस पर बड़ी तबाही मचाई और उसके 2 रडार भी ध्वस्त कर दिए। 9 आतंकी ठिकानों को भी भारत ने मिट्टी में मिला दिया है। खुद पाकिस्तान सरकार ने दूसरे देशों को भेजे डोजियर में ये दावा किया है कि भारत ने उसके 28 आतंकी और सैन्य ठिकानों पर हमला किया।

नई दिल्ली। पाकिस्तान की सेना के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने एक बार फिर भारत के खिलाफ आग उगली है। बकरीद के मौके पर शनिवार को आसिम मुनीर ने एलओसी से लगे इलाकों का दौरा कर पाकिस्तान की सेना के जवानों को संबोधित किया। इस दौरान आसिम मुनीर ने कश्मीर का राग अलापा। फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान कश्मीरियों को समर्थन देता रहेगा। आसिम मुनीर ने कहा कि कश्मीर पाकिस्तान की मूल नीति है। पाकिस्तान के फील्ड मार्शल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी अपील की कि वो कश्मीर के मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाए। यानी साफ है कि पाकिस्तान किसी भी सूरत में कश्मीर का राग अलापना बंद नहीं करने वाला।

पाकिस्तान में तमाम लोग आसिम मुनीर की फर्जी बातों को समझ गए हैं। आसिम मुनीर को लोग फील्ड मार्शल की जगह फ्रॉड मार्शल और फेल्ड मार्शल कह रहे हैं। इसे भी आसिम मुनीर ने साबित कर दिखाया। आसिम मुनीर ने फर्जी दावा किया कि पाकिस्तान की सेना ने बीते दिनों हुए सैन्य संघर्ष में भारत को करारा जवाब दिया और अपने जवानों की मौत का बदला लिया है। आसिम मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत की ओर से किए गए हमलों के जवाब में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। जबकि, पूरी दुनिया को पता है कि भारत ने पाकिस्तान के 11 एयरबेस पर बड़ी तबाही मचाई और उसके 2 रडार भी ध्वस्त कर दिए। खुद पाकिस्तान सरकार ने दूसरे देशों को भेजे डोजियर में ये दावा किया है कि भारत ने उसके 28 आतंकी और सैन्य ठिकानों पर हमला किया।

पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने इससे पहले भी भारत और हिंदुओं के खिलाफ जहर उगला था। आसिम मुनीर ने पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले से पहले 15 अप्रैल को बयान दिया था कि पाकिस्तान का जन्म द्विराष्ट्र सिद्धांत के आधार पर हुआ है। उसने संस्कृति, खान-पान और अन्य मामलों में हिंदुओं और मुस्लिमों को अलग-अलग भी बताया था। आसिम मुनीर ने ये भी कहा था कि पाकिस्तान के लिए तमाम लोगों ने अपनी जान कुर्बान की। उसने कहा था कि इसलिए पाकिस्तान को बनाए रखना हर देशवासी का फर्ज है। आसिम मुनीर ने भारत से तनाव के दौरान कुरान की आयतों का हवाला देते हुए पाकिस्तान के पुलिसवालों को भी शहादत देने के लिए तैयार रहने का बयान दिया था।