newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

First Batch Of Amarnath Pilgrims Leaves From Jammu : अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था जम्मू से रवाना, रास्ते में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, श्रद्धालुओं में उत्साह

First Batch Of Amarnath Pilgrims Leaves From Jammu : जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को रवाना किया। यात्रियों ने कहा कि हम पहले जत्थे में शामिल होने को लेकर काफी उत्साहित हैं। किसी तरह का डर या चिंता नहीं है, प्रशासन ने बहुत अच्छे इंतजाम किए हैं।

नई दिल्ली। अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आज जम्मू से रवाना हो गया है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को रवाना किया। रास्ते में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बम-बम के उद्घोष के साथ बाबा बर्फानी के भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

यात्रा के पहले दिन बालटाल और पहलगाम दोनों ही मार्गों से बाबा बर्फानी के दर्शन को जाने वाले 1000 श्रद्धालुओं को टोकन दिए गए हैं। सभी श्रद्धालुओं का जत्था जम्मू से एक साथ रवाना किया गया है और कश्मीर पहुंचकर बालटाल और पहलगाम के जत्थे अपने अपने यात्रानुसार मार्ग पर जाएंगे।

इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रास्ते भर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जगह-जगह सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया है ताकि यात्रा में किसी भी तरह का कोई अवरोध न आने पाए। आपको बता दें कि हाल ही में वैष्णों देवी से शिव खोड़ी जा रहे श्रद्धालुओं की बस पर आतंकियों ने हमला कर दिया था। इसी के बाद से जम्मू कश्मीर में एक के बाद एक कई आतंकी घटनाएं हो चुकी हैं। इन आतंकी घटनाओं के मद्देनजर भारतीय सेना पूरी तरह मुस्तैद है और चप्पे चप्पे पर सुरक्षा मजबूत है।

उधर, जब यात्रियों का जत्था जम्मू से उधमपुर पहुंचा तो वहां भी प्रशासन द्वारा उनके स्वागत का खास इंतजाम किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए उधमपुर की डिप्टी कमिश्नर सलोनी राय ने बताया कि उधमपुर जिले में जत्थे के पहुंचने पर काली माता मंदिर में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान यात्रियों को उनकी जरूरत से संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। इसके बाद यहां से उनको खुशी-खुशी आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

वहीं, यात्रा में शामिल श्रद्धालु भी उत्साह से लबरेज हैं। इस संबंध में जब एक यात्रियों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हम पहले जत्थे में शामिल होने को लेकर काफी उत्साहित हैं। किसी तरह का डर या चिंता नहीं है, प्रशासन ने बहुत अच्छे इंतजाम किए हैं।