newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

AAP Councillor Slams Arvind Kejriwal: ‘पहले महिलाओं को 1000 रुपए तो दे देते’, आम आदमी पार्टी के ही पार्षद ने उठाया अरविंद केजरीवाल पर सवाल

AAP Councillor Slams Arvind Kejriwal: इससे पहले बुधवार सुबह दिल्ली सरकार के महिला विकास और स्वास्थ्य मंत्रालय ने अखबारों में विज्ञापन छपवाकर कहा था कि महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना सरकार के नहीं हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार के दोनों विभागों ने इन योजनाओं के जरिए हो रहे रजिस्ट्रेशन से फर्जीवाड़ा होने की चेतावनी भी जनता को दी थी।

नई दिल्ली। बीते दिनों अरविंद केजरीवाल ने एलान किया था कि दिल्ली सरकार ने कैबिनेट मीटिंग में महिला सम्मान योजना के तहत महिलाओं को 1000 रुपए हर महीने देने का फैसला किया है। अरविंद केजरीवाल ने ये भी कहा था कि अभी ये रकम महिलाओं को नहीं मिलेगी। उनको रजिस्ट्रेशन कराना होगा और चुनाव जीतकर आम आदमी पार्टी ने फिर सरकार बनाई, तो हर महीने 2100 रुपए दिए जाएंगे। अब आम आदमी पार्टी के भीतर ही केजरीवाल पर महिला सम्मान योजना के मसले पर आवाज उठ रही है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के पार्षद रविंदर सोलंकी ने महिला सम्मान योजना के बारे में अहम सवाल पूछकर अपने ही नेता को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

आम आदमी पार्टी के पार्षद रविंदर सोलंकी ने अरविंद केजरीवाल पर ही सवाल उठा दिया।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के पार्षद रविंदर सोलंकी ने कहा कि दफ्तर में तमाम महिलाएं आती हैं और 1000 रुपए दिए जाने के बारे में पूछती हैं। अब तक महिलाओं को 1000 रुपए नहीं दिए गए हैं और आपने प्रस्तावित 2100 रुपए के लिए उनकी कतार लगवा दी। रविंदर सोलंकी ने कहा कि हम अरविंद केजरीवाल से कहना चाहते हैं कि उनको पहले महिलाओं को 1000 रुपए देने का वादा पूरा करना चाहिए था। उसके बाद दूसरी योजना लागू करते। आम आदमी पार्टी के पार्षद ने ये भी दावा किया कि पार्टी पर जनता और भरोसा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता सवाल पूछ रही है और हम जवाब नहीं दे पा रहे हैं। रविंदर सोलंकी ने आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक का भी विरोध किया। उन्होंने क्या कहा ये सुनिए।

इससे पहले बुधवार सुबह दिल्ली सरकार के महिला विकास और स्वास्थ्य मंत्रालय ने अखबारों में विज्ञापन छपवाकर कहा था कि महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना सरकार के नहीं हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार के दोनों विभागों ने इन योजनाओं के जरिए हो रहे रजिस्ट्रेशन से फर्जीवाड़ा होने की चेतावनी भी जनता को दी थी। इस पर दिल्ली की सीएम आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि महिला सम्मान योजना का फैसला कैबिनेट ने किया था और इसे नोटिफाई भी किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के दबाव में विज्ञापन निकाले गए। आतिशी ने ये भी कहा कि संबंधित अफसरों पर विभागीय और पुलिस कार्रवाई भी होगी।