
नई दिल्ली। गुजरात की 182 सीटों वाली विधानसभा के लिए चुनाव हो रहा है। राज्य में 2 चरणों में विधानसभा के लिए चुनाव डाले जा रहे हैं। पहले चरण का मतदान आज 1 दिसंबर हो रहा है। पहले चरण में 89 सीटों पर मतदान हो रहा है। दूसरे चरण में बाकी 93 सीटों पर 5 दिसंबर को जनता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेगी। इस बार के विधानसभा चुनावों में गुजरात के मिनी अफ्रीका गांव कहे जाने वाले जंबूर गांव के लोग भी पहली बार शामिल होने जा रहे हैं। उन लोगों के मतदान के लिए अलग से स्पेशल बूथ भी बनाया गया है। अब जंबूर गांव के लोग इससे काफी खुश हैं। पहली बार मत के अधिकार का इस्तेमाल करने को लेकर उनमें खुशी साफ देखी भी जा रही है।
मिनी अफ्रीका गांव के रहने वाले रहमान ने पहली बार मिल रहे इस मतदान के अधिकार को लेकर कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है। हम यहां कई सालों से रह रहे हैं लेकिन अब हमें काफी खुशी है कि हम भी वोट डालेंगे। इसके आगे रहमान ने बताया कि हमारे पूर्वज अफ्रीका से थे। भारत में हम कई सालों पहले आए। जिस वक्त जूनागढ़ में किला बन रहा था तब हमारे पूर्वज काम के लिए यहां पहुंचे थे। हमारा पहले ठिकाना रतनपुर गांव था लेकिन धीरे-धीरे हमजांवर गांव में बस गए।
आपको बता दें कि सुबह 8 बजे से गुजरात विधानसभा की 182 सीटों में से 89 सीटों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है। शाम 5 बजे तक ये जारी रहेगी। इसके बाद दूसरे चरण की वोटिंग 4 दिन बाद यानी 5 तारीख को होगी। मतगणना 8 दिसंबर को होनी है। इस चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के साथ ही अरविंद केजरीवाल की पार्टी आप भी मैदान में है। पहली बार आप राज्य में अपनी किस्मत आजमा रही है। अब देखना होगा राज्य में किसके सिर सियासी ताज सजता है…
#Watch | People of Gujarat’s mini African village- Jambur, celebrated their first opportunity to vote in their own special tribal booth (30.11)#GujaratElections pic.twitter.com/LFrG6q8ukT
— ANI (@ANI) December 1, 2022