newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

BJP में शामिल हुए सेवानिवृत्त IAS अधिकारी अरविंद शर्मा, कई सालों तक PM मोदी के साथ कर चुके हैं काम

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अरविंद शर्मा (Arvind Sharma) ने गुरुवार को लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अरविंद शर्मा (Arvind Sharma) ने गुरुवार को लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हें सदस्यता ग्रहण कराई। इस दौरान उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर, गोविंद शुक्ला, कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान भी मौजूद रहे। आपको बता दें कि अरविंद शर्मा गुजरात कैडर के 1988 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं। उन्होंने करीब 20 सालों तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काम किया है। अरविंद शर्मा, गुजरात में नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहते 2001 से 2013 के बीच सीएम कार्यालय में भी रहे। इसके बाद नरेंद्र मोदी जब प्रधानमंत्री बने तो अरविंद शर्मा भी PMO आ गए थे।

पार्टी में शामिल होने के बाद अरविंद शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की खुशी है। हमारे देश में राजनीतिक दल बहुत हैं लेकिन भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है। मैं पिछड़े जिले और गांव का हूं। मुझ जैसे साधारण व्यक्ति को जिसकी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है उसे भाजपा ही इतना बड़ा मुकाम दे सकती है। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। मैं प्रधानमंत्री और भाजपा की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।