
नई दिल्ली। मोदी सरनेम मामले में संसद सदस्यता जाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज प्रेस कांफ्रेंस किया और खुलकर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। राहुल ने स्पष्ट कर दिया कि चाहे कुछ भी हो जाए, वो मोदी सरकार पर हमला बोलते रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि देश का लोकतंत्र खतरे में है और वे लोकतंत्र को बचाने के लिए काम करते रहेंगे। राहुल ने यह भी कहा कि चाहे कुछ भी हो जाए, वो लोकतंत्र को संरक्षित करने की दिशा में काम करते रहेंगे। मैं सरकार की तानाशाही रवैये के आगे नहीं झुकूंगा।
इस बीच राहुल से प्रेस कांफ्रेंस में सवाल किया गया कि आपके ऊपर चुनाव प्रचार के दौरान एक समुदाय पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है। इस पर आप क्या कहना चाहेंगे? तो इस पर राहुल ने अपने ऊपर लगे इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि मैंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हमेशा से ही समाज को एकजुट करने का काम किया है। मैंने हमेशा यही कहा है कि देश के विकास के लिए समाज के सभी वर्गों को एक साथ आना होगा। मैंने कभी–भी विभाजनकारी ताकतों को प्रबल करने का काम नहीं किया है। बता दें कि बीते गुरुवार को गुजरात के एक कोर्ट ने राहुल गांधी पर विगत लोकसभा चुनाव में मोदी सरनेम पर अपमाजनक टिप्पणी करने के मामले में दो साल की सजा सुनाई थी।
भारत जोड़ो यात्रा की मेरी कोई भी स्पीच देख लीजिए, मैंने हमेशा कहा है कि सब समाज एक हैं। नफरत, हिंसा नहीं होनी चाहिए। ये OBC का मामला नहीं है, ये नरेंद्र मोदी और अडानी के रिश्ते का मामला है। भाजपा ध्यान को भटकाने का काम करती है, कभी OBC की बात करेगी, कभी विदेश की बात करेगी:… pic.twitter.com/r15dsjiitb
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 25, 2023
हालांकि, बाद में उन्हें तुरंत जमानत मिल गई। लेकिन, दो साल की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी संसद सदस्यता रद्द हो गई। जिसे अब वे अदालत में चुनौती दे सकते हैं। उधर, राहुल की सद्स्यता जाने के बाद अन्य विपक्षी दलों ने सरकार की आलोचना की है। विपक्षी दलों ने उक्त फैसले को केंद्र की मोदी सरकार की तानाशाही बताया है। वहीं, कांग्रेस ने आगामी सोमवार को राहुल की सदस्यता जाने के विरोध में संसद से लेकर सड़क तक विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी ने संविधान बचाओ आंदोलन करने का ऐलान किया है। बहरहाल, अब वे आगामी दिनों में राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी इस मुसीबत से बाहर निकलने के लिए क्या कुछ कदम उठाती है। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।