newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Arvind Kejriwal Health: शराब घोटाला में आरोपी अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य पर आई बड़ी खबर, जानिए तिहाड़ जेल में क्या है दिल्ली के सीएम का हाल

Arvind Kejriwal Health: अरविंद केजरीवाल को ईडी ने शराब घोटाला का मास्टरमाइंड बताते हुए गिरफ्तार किया था। ईडी ने अरविंद केजरीवाल को 9 समन भेजे थे, लेकिन दिल्ली के सीएम एक बार भी जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए थे। ईडी की रिमांड के बाद केजरीवाल को कोर्ट ने जेल भेजा था।

नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बारे में बड़ी खबर है। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी के हवाले से मीडिया ने खबर दी है कि तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल का वजन घट गया है। बताया जा रहा है कि ईडी की गिरफ्तारी में आने के बाद से अरविंद केजरीवाल का वजन 4.5 किलो कम हुआ है। वैसे तिहाड़ जेल के डॉक्टरों का कहना है कि अरविंद केजरीवाल की हालत अभी ठीक है। जानकारी ये भी मिली है कि पिछले कुछ दिन से अरविंद केजरीवाल के शुगर लेवल में भी उतार-चढ़ाव हो रहा है। एक बार केजरीवाल का शुगर 50 से नीचे तक जा चुका है। शुगर लेवल ठीक रखने के लिए अरविंद केजरीवाल दवा ले रहे हैं। वहीं, तिहाड़ जेल प्रशासन का कहना है कि केजरीवाल का वजन कम नहीं हुआ है। जेल लाए जाने पर उनका वजन 55 किलो था और अब भी इतना ही है। खबर ये भी है कि केजरीवाल ने बुधवार सुबह योग किया और टहले भी।

अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ के जेल नंबर 2 में रखा गया है। उनको 14 गुणा 8 फिट के सेल में रखा गया है। केजरीवाल के सेल पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उनकी सेल के बाहर 4 सुरक्षाकर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी भी लगाई गई है। अरविंद केजरीवाल को कोर्ट ने घर से लाया खाना जेल में खाने की सुविधा दी है। इसके अलावा वो बोतलबंद पानी भी पी सकते हैं। केजरीवाल अपना बिस्तर भी घर से लेकर आए हैं। सोमवार रात को केजरीवाल ठीक से सो नहीं सके थे और कई बार उनकी नींद तिहाड़ जेल में टूटी थी।

अरविंद केजरीवाल को ईडी ने शराब घोटाला का मास्टरमाइंड बताते हुए गिरफ्तार किया था। ईडी ने अरविंद केजरीवाल को 9 समन भेजे थे, लेकिन दिल्ली के सीएम एक बार भी जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए थे। दिल्ली हाईकोर्ट में ईडी की अर्जी पर अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वो पेश हो सकते हैं, लेकिन ईडी भरोसा दे कि गिरफ्तार नहीं करेगी। कोर्ट ने ईडी को सुनने के बाद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। उसी शाम जांच एजेंसी ने केजरीवाल के सरकारी आवास पर छापा मारने के बाद उनको गिरफ्तार किया था।