
बठिंडा। बठिंडा की सैन्य छावनी में हुई फायरिंग में 4 जवानों की मौत हो गई। ये सभी 80 मीडियम रेजिमेंट के बताए जा रहे हैं। सेना के सूत्रों के मुताबिक बिना वर्दी यानी सिविल ड्रेस पहने एक शख्स ने छावनी के भीतर फायरिंग की। खास बात ये भी है कि सेना की छावनी के गार्ड रूम से 2 दिन पहले 28 कारतूस समेत एक इंसास रायफल भी गायब हो गई थी। सेना ये पता लगा रही है कि इसी रायफल से आज फायरिंग की गई है या नहीं। सेना ने बठिंडा की पुलिस को बताया है कि आज का हमला आतंकी नहीं था। हमले के बारे में सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडेय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पूरी रिपोर्ट सौपेंगे।

सेना के मुताबिक तड़के 4.35 बजे फायरिंग की घटना हुई। इस दौरान अंधेरा था। बताया जा रहा है कि हमलावर इस अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला था। खबर लिखे जाने तक हमलावर की तलाश छावनी में क्विक रिएक्शन टीमें कर रही थीं। पूरी छावनी को सील कर दिया गया है। छावनी में सैन्य कर्मियों के परिवार भी रहते हैं। उन सभी को घर में ही रहने के लिए कहा गया है। आसपास के सभी स्कूल भी ऐतिहातन बंद कर दिए गए। पंजाब में इससे पहले पठानकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने हमला किया था। उसमें 3 आतंकी मारे गए थे। जबकि, 7 जवान शहीद हुए थे।
बठिंडा में आज हुए हमले के बारे में और जानकारी अभी सेना की तरफ से बाद में दी जाने वाली है। सेना का अभी पूरा ध्यान हमलावर को पकड़ने और हथियार की बरामदगी करने पर है। हमले में मृत जवानों के परिवार के लोगों को जानकारी दे दी गई है। जवानों के परिवार को सभी तरह की आर्थिक और अन्य सहायता भी सेना की तरफ से दी जाएगी। इस मामले में हम लगातार आपको ताजा खबर से अपडेट कराते रहेंगे।