newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Himachal Controversy : कैबिनेट बैठक के बाद हिमाचल सीएम सुक्खू दिल्ली रवाना, आलाकमान से करेंगे मुलाकात

Himachal Controversy : मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश में किसी तरह की भी सियासी हलचल और बदलाव की चर्चाओं को खारिज किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कोई अपनी भूल मानकर वापस आना चाहे, तो उसके बारे में भी विचार किया जा सकता है।

नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव के बाद हिमाचल प्रदेश में हुई सियासी उठापटक अभी पूरी तरह थमी नहीं है। शिमला स्थित राज्य सचिवालय में मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज दिल्ली रवाना हो गए जहां वे कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री सुक्खू का प्रियंका गांधी वाड्रा से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। इसके अलावा भी सोनिया गांधी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मुलाकात करेंगे।

दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने मीडिया के साथ बातचीत करते हुए कहा कि वे पहली बार दिल्ली नहीं जा रहे हैं। इससे पहले भी दिल्ली जाते रहे हैं। यहां केंद्रीय आलाकमान से मुलाकात करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में किसी तरह की भी सियासी हलचल और बदलाव की चर्चाओं को खारिज किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अगर कोई अपनी भूल मानकर वापस आना चाहे, तो उसके बारे में भी विचार किया जा सकता है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के छह बागी विधायकों की वापसी को लेकर भी प्रियंका गांधी से चर्चा कर सकते हैं।

आपको बता दें कि प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक शुरू होने से पहले लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिलने ओक ओवर पहुंचे। इसके बाद दोनों एक साथ ओक ओवर से राज्य सचिवालय बैठक के लिए रवाना हुए।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व कांग्रेस के बागी विधायक राजिंदर राणा ने सीएम सुक्खू पर विधायकों को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि कांग्रेस के कई हमारे विधायक संपर्क में हैं और सुक्खू सरकार जल्द ही गिरने वाली है। राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा था कि सीएम छोटे दिल के व्यक्ति हैं। जब व्यक्ति मुख्यमंत्री बनता है, तो उसे अपना दिल बड़ा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सवा साल हो गए हैं, हमने कई बार हाईकमान को अवगत कराया कि प्रदेश में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। सीएम सुक्खू विधायकों को अपमानित करते हैं। यहां तक की विधायकों के काम नहीं करते हैं। कई बार बोलने के बाद भी कोई असर नहीं हुआ। सभी विधायक सीएम सुक्खू से परेशान हैं।