
नई दिल्ली। गुजरात (Gujarat) के अहमदाबाद (Ahmedabad) जिले में साबरमती नदी में आयशा बानू मकरानी (Ayesha Banu Makrani) ने कूदकर आत्महत्या कर ली थी। साल 2021 में दहेज की प्रताड़ना से तंग आकर आयशा ने आत्महत्या कर ली थी, जिसका वीडियो भी सामने आया था। इसी बीच अब मामले पर एक नया अपडेट सामने आया है। दरअसल, गुजरात की अहमदाबाद सेशंस कोर्ट ने आयशा बानू की आत्महत्या के मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने आयशा के पति आरिफ खान को 10 साल की सजा सुनाई है। आपको बता दें कि आयशा बानू ने नदी में कूदने से पहले एक वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया था, जिसमें आयाशा ने पति आरिफ पर उसका शोषण करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद पुलिस ने आयशा के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। गौरतलब है, कि आयशा ने बीते साल 25 फरवरी, 2021 में ससुराल वालों के अत्याचारों और दहेज की मांग से तंग आकर साबरमती नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली थी।
आयशा ने सुसाइड से पहले एक वीडियो बनाकर अपने पति आरिफ को भेजा था, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस ने आरिफ को राजस्थान के पाली से गिरफ्तार किया था। आयशा मूल रूप से राजस्थान की निवासी थी और अहमदाबाद के वातवा में रह रही थी। आयशा ने साबरमती नदी में छलांग लगाने से पहले यह भी कहा था, “मैं दुआ करती हूं कि ये प्यारी नदी मुझे अपने प्रवाह के साथ गले लगा ले।” आयशा की शादी 2018 में राजस्थान के जालौर के रहने वाले आरिफ से हुई थी, लेकिन ससुराल वाले उसे लगातार दहेज के नाम पर प्रताड़ित कर रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार, आरिफ का राजस्थान की ही एक लड़की के साथ अफेयर था। आरिफ आयशा के सामने ही अपनी गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात किया करता था। इन्हीं वजहों से आयशा डिप्रेशन का शिकार हो गई थी और इसी के चलते गर्भ में ही उसके बच्चे की मौत हो गई थी। रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर उसने नदी में कूदकर अपनी जान दे दी थी।
आयशा की मौत के बाद ही पति आरिफ फरार हो गया था। पुलिस के पूछने पर परिजनों ने कहा कि ”वो एक शादी में गया है।” इसके बाद पुलिस ने आरिफ के फोन को सर्विलांस पर लेकर उसे राजस्थान के पाली से अरेस्ट किया था। बताया जाता है कि जब पुलिस ने आरिफ को गिरफ्तार किया था, तो उसके चेहरे पर अपने किए कर्मों का कोई पछतावा नहीं दिखाई दिया। न तो उसके चेहरे पर कोई शिकन दिखी न ही पत्नी को खोने का दुख। आरिफ पर आरोप था वो अपनी प्रेमिका पर जमकर पैसे लुटाता था और इसी कारण वो अक्सर आयशा के पिता से रुपयों की मांग करता था। इतना ही नहीं, कई बार आयशा को खाना तक नहीं दिया जाता था।