
नई दिल्ली। पति और पत्नी के बीच अक्सर लड़ाई, झगड़ा, दहेज प्रताड़ना या उनके विवाहेत्तर संबंध जैसे कई मामलों के चलते तलाक होना तो आम बात है मगर कभी-कभी पति और पत्नी के बीच अनबन के कुछ अजीबोगरीब कारण भी सामने आते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के आगरा का है जहां एक महिला अपने पति से सिर्फ इसलिए तलाक चाहती है कि वो रोज नहाता नहीं है और गंगाजल छिड़क कर काम चला लेता है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, आगरा की रहने वाली इस महिला ने शादी के एक महीने बाद ही कोर्ट में पति से तलाक के लिए अर्जी दाखिल कर दी है।
अपनी इस अर्जी में महिला ने दावा किया है उसका पति रोज नहाता नहीं है। वो महीने में सिर्फ दो या तीन बार ही नहाता है जिस कारण से उसके शरीर से बदबू आती है। इतना ही नहीं वो नहाने की जगह अपने ऊपर गंगा जल छिड़क लेता है और इस तरह से वो खुद को शुद्ध मानता है। महिला के अनुसार उसके पति ने शादी के बाद 40 दिनों में सिर्फ छह बार नहाया वो भी उसके कई बार जिद करने के बाद। पति के शरीर से आने वाली दुर्गंध को वो बर्दाश्त नहीं कर पाती इसीलिए उसके साथ नहीं रहना चाहती है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महिला के परिवार वालों ने इस संबंध में पुलिस में दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि पति मान अपनी आदत में सुधार करने के लिए राजी हो गया है। उसका कहना है कि वो अब से रोज नहाया करेगा। जबकि महिला का कहना है कि वो किसी भी कीमत पर अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती है। फिलहाल परिवार परामर्श केंद्र ने पति और पत्नी को सोचने, विचारने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है और उसके बाद फिर बुलाया है।