
नई दिल्ली। कोरोना काल के बीच अयोध्या में रामलीला की शुरुआत हो चुकी है। इस रामलीला में फिल्मी दुनिया के कई दिग्गज सितारे कई अलग-अलग किरदार में नजर आएंगे। आपको बता दें कि सरयू तट पर होने वाली इस रामलीला का काफी पुराना इतिहास है, ऐसे में इसका प्रसारण सोशल मीडिया पर भी किया जाएगा। वहीं घर बैठे लोगों के लिए दूरदर्शन पर भी इसका प्रसारण किया जा रहा है। रामलीला आज शनिवार से लेकर 25 अक्टूबर तक चलेगी। बता दें कि इस बार सिनेमाई जगत के कई स्टार्स भी इसमें शामिल होंगे। यही नहीं रामलीला में भारतीय जनता पार्टी के 2 सांसद और अभिनेता भी अपने-अपने किरदार में नजर आएंगे। अयोध्या में होने वाली रामलीला सरयू नदी के तट पर स्थित लक्ष्मण किला के मैदान में होती है। इस रामलीला के लिए भव्य सेट बनाया गया है। रामलीला में बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर भी इसमें हिस्सा लेंगे।
इस रामलीला में किरदारों की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के 2 सांसद मनोज तिवारी और रवि किशन भी इसमें हिस्सा लेंगे। मनोज तिवारी अंगद और रवि किशन भरत की भूमिका में होंगे। इसके अलावा टीवी सीरियल रामायण में हनुमान की भूमिका निभा चुके दारा सिंह के पुत्र और अभिनेता बिंदु दारा सिंह इस रामलीला में हनुमान की भूमिका निभाएंगे।
वहीं मशहूर हास्य अभिनेता असरानी अयोध्या की रामलीला में नारद की भूमिका में होंगे। शहबाज खान रावण और रजा मुराद अहिरावण की भूमिका निभाएंगे। सोनू नागर राम और कविता जोशी सीता के किरदार में नजर आएंगे। रामलीला को लेकर हुई तैयारियों की बात करें तो राम के लिए वस्त्र जनकपुर से लाए गए हैं। राम के धनुष को कुरुक्षेत्र से मंगवाया गया है। सीता के आभूषणों को अयोध्या में तैयार करवाया गया है। रावण की पोशाक श्रीलंका से बनकर आ रही है। यह रामलीला 14 अलग-अलग भाषाओं में डिजिटल तौर से उपलब्ध होगी।
इस भव्य रामलीला में यूपी के मुखिया योगी आदित्यनाथ को भी आने के लिए न्योता दिया गया है, लेकिन अभी तक उनके जाने की पुष्टि नहीं है। वहीं मनोज तिवारी जो इस रामलीला में अंगद की भूमिका निभाएंगे, उनका कहना है कि अयोध्या में इस बार जो यह रामलीला हो रही है, यह अपने आप में एक ऐतिहासिक और सुखद अनुभव होगा। भव्य रामलीला होगी।
उन्होंने कहा कि रामलीला में बॉलीवुड के बड़े-बड़े स्टार्स इसमें किरदार निभाएंगे। उनका कहना है कि हमारी हमेशा से इच्छा रही थी कि भगवान राम की धरती अयोध्या में ऐसी रामलीला हो और इस बार यह रामलीला होने जा रही है।