newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Modi On Women And Artisans: समाज के इन दो वर्गों की भलाई के लिए पीएम मोदी ने की 9 साल में भरसक कोशिश, आज फिर बांधे इनकी तारीफ के पुल

पीएम नरेंद्र मोदी जब भी आम लोगों से बात करते हैं या कहीं भाषण देते हैं, तो समाज के दो वर्गों के लिए जरूर कहते हैं। एक हैं महिलाएं और दूसरे कारीगर। आज की मन की बात में भी पीएम मोदी ने इन दोनों वर्गों के बारे में खूब बात की। उन्होंने महिला शक्ति और कारीगरों की तारीफ के भी जमकर पुल बांधे।

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी जब भी आम लोगों से बात करते हैं या कहीं भाषण देते हैं, तो समाज के दो वर्गों के लिए जरूर कहते हैं। एक हैं महिलाएं और दूसरे कारीगर। आज की मन की बात में भी पीएम मोदी ने इन दोनों वर्गों के बारे में खूब बात की। मोदी ने मन की बात में याद दिलाया कि उन्होंने इस साल 15 अगस्त को लालकिले से वीमेन लेड डेवलेपमेंट यानी विकास में महिला शक्ति की भागीदारी की बात कही थी। मोदी ने चंद्रयान मिशन को भी महिला शक्ति का जीवंत उदाहरण बताया। मोदी जब शनिवार को इसरो गए थे, तब भी वहां की महिला वैज्ञानिकों और तकनीशियनों के साथ अलग से मुलाकात कर उनको चंद्रयान सफलता के लिए बधाई दी थी।

Modi with isro women scientists

मोदी ने आज अपने मन की बात में कहा कि भारत की बेटियां अब अनंत अंतरिक्ष में भी योगदान दे रही हैं। उन्होंने चंद्रयान अभियान के अलग-अलग सिस्टम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, प्रोजेक्ट मैनेजर वगैरा की जिम्मेदारी संभाली। मोदी ने ये उल्लेख भी किया कि इस साल स्वतंत्रता दिवस पर देश के डेढ़ लाख पोस्ट ऑफिस से डेढ़ करोड़ तिरंगे बेचे गए। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं, कामगारों और बुनकरों की सैकड़ों करोड़ की आय हुई है। मोदी ने लंबानी कारीगरों का नाम भी लिया। उन्होंने कहा कि 450 लंबानी कारीगरों ने करीब 1800 यूनीक पैच का अचरज से भरा कलेक्शन कर अपने हुनर का परिचय दिया है। बता दें कि कामगारों के लिए पीएम मोदी ने नई योजना को लॉन्च करने का एलान भी बीते दिन किया था। विश्वकर्मा योजना के तहत कामगारों को कर्ज दिया जाएगा और इसका ब्याज बहुत कम होगा। इसके लिए सरकार ने 13000 करोड़ की राशि रखी है। मोदी ने कारीगरों और कामगारों को कितना मान दिया, ये इसी से समझा जा सकता है कि वो जब भी विदेश दौरों पर जाते हैं, तो वहां देश के कारीगरों की हस्तकला की चीजें अपने मेजबानों को बतौर गिफ्ट देते हैं।

pm modi

बात महिलाओं की करें, तो मोदी ने 2014 में सत्ता संभालने के बाद सबसे पहले ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया था। इस नारे का ऐसा असर हुआ कि कन्या भ्रूण हत्या की घटनाएं कम होती गईं। राजस्थान जैसे कन्या भ्रूण हत्या के लिए कुख्यात राज्य में भी बालक-बालिका का अनुपात बहुत बेहतर हुआ। महिलाओं को ध्यान में रखते हुए मोदी सरकार जनधन बैंक खाता योजना लाई। इस योजना में अब तक 50 करोड़ के करीब खाते खुल चुके हैं और ज्यादातर महिलाओं के हैं। मकानों की रजिस्ट्री और राशन कार्ड में भी महिलाओं का नाम सबसे ऊपर करने की योजना भी पीएम मोदी ने ही शुरू की थी। इसके अलावा मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक की बुराई से भी मोदी ने कानून बनवाकर मुक्ति दिलाई है।