
बठिंडा। पंजाब के बठिंडा की छावनी में आज तड़के हुए हमले का संदिग्ध हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक संदिग्ध एक जवान है। उससे पूछताछ की जा रही है। आज तड़के करीब 4.35 बजे छावनी में फायरिंग हुई थी। इसमें 4 जवानों की जान गई। हमलावर उस वक्त सिविल ड्रेस में था। सेना की तरफ से बताया गया है कि दो दिन पहले ही छावनी के गार्ड रूम से 28 कारतूस समेत एक इंसास रायफल भी गायब हो गई थी। माना जा रहा है कि इसी रायफल से ही आज सुबह फायरिंग की गई। अभी सेना की तरफ से और जानकारी की प्रतीक्षा है।
पूरी छावनी को सेना ने सील कर रखा है। हर संवेदनशील जगह सेना की ही क्विक रिएक्शन टीम के जवान तैनात हैं। सेना ने पहले बठिंडा पुलिस को बताया था कि छावनी पर हुआ हमला आतंकी गतिविधि नहीं है। सेना के जवानों पर फायरिंग किस वजह से की गई, इसका पता अभी नहीं चला है। छावनी के अंदर सेना के तमाम जवानों और अफसरों के परिजन भी रहते हैं। उन सभी को घर में ही रहने के लिए कहा गया। इसके अलावा पहले हालात को देखते हुए आसपास के सभी स्कूल भी बंद करने के आदेश दिए गए थे।

सेना की किसी छावनी में इतना बड़ा आंतरिक तौर का हमला पहली बार हुआ है। इससे पहले सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों की नाराजगी की वजह से एक या दो साथी जवानों की हत्या के मामले सामने आते रहे हैं। बठिंडा छावनी में हुए हमले के बारे में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडेय उनको पूरे मामले की जानकारी भी देने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक आज रात तक इस मामले में सेना की तरफ से और ताजा जानकारी दिए जाने की उम्मीद है।