newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

कानपुर गोलीकांड : आरोपी शशिकांत की पत्नी मनु का एक और ऑडियो वायरल

आरोपी शशिकांत की पत्नी मनु का एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मनु अपने ससुर (शशिकांत के पिता) को फोन कर जल्द घर आने के लिए कह रही है।

कानपुर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ के हाथों 10 जुलाई को कुख्यात अपराधी विकास दुबे के मारे जाने के बाद हर रोज बिकरू कांड से जुड़े चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। गुरुवार को आरोपी शशिकांत की पत्नी मनु का एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मनु अपने ससुर (शशिकांत के पिता) को फोन कर जल्द घर आने के लिए कह रही है। ऑडियो के मुताबिक, ससुर ने पूछा क्यों, तो मनु बोली, “विकास भइया आए थे। इनसे (शशिकांत) कह गए हैं छत पर चढ़ के गोली चलाओ। पुलिस आने वाली है।”

Shashikant with wife Manu & Vikas Dubey

मनु ने एनकाउंटर में मारे गए प्रभात और बउआ का भी नाम लिया और कहा कि वे लोग भी अपने घर की छत पर हैं।

इस ऑडियो के वायरल होने के बाद अब मनु पुलिस की जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस ने उससे घंटों पूछताछ की, लेकिन सास की तबीयत खराब होने के चलते उसे हिरासत में नहीं लिया गया है।

Shashikant Kanpur

कानपुर पुलिस का दावा है कि ये ऑडियो घटना से ठीक पहले का है, जब विकास दुबे को ये खबर लगी थी कि पुलिस उसके घर दबिश देने आ रही है तो उसने अपने साथियों को जुटाना शुरू कर दिया था। इस दौरान उसने गांव के बाहर एक बगिया में अपने साथियों के साथ बिकरू कांड को अंजाम देने के साजिश रची थी।

बिकरू कांड में विकास दुबे के ममेरे भाई शशिकांत पांडेय की पत्नी मनु उर्फ पिंकी भी तीन कॉल रिकार्डिंग वायरल होने के बाद जांच के दायरे में आ गई है। जांच में साक्ष्य छिपाने और आरोपियों को सहयोग देने में उसकी भूमिका सामने आ रही है।

Kanpur Encounter

बिकरू कांड के अगले ही दिन पुलिस ने विकास के मामा प्रेम प्रकाश पांडेय को एनकाउंटर में मार गिराया था। पुलिस ने उसके बेटे शशिकांत पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसकी पत्नी मनु के मोबाइल से कई अहम साक्ष्य मिले हैं। कॉल रिकर्डिंग से साफ हुआ है कि वारदात के बाद उसने पति की मदद की और साक्ष्य छिपाने में सहयोग किया।

Vikas Dubey

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मनु की भूमिका की जांच की जा रही है। उसके खिलाफ सबूत मिले हैं। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई तय होगी।