newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Shraddha Murder Case: श्रद्धा मर्डर केस में पुलिस को मिलीं 10 मानव हड्डियां, लेकिन डीएनए जांच के लिए सिर का मिलना इसलिए है जरूरी

पुलिस को अब तक की छानबीन में पता चला है कि श्रद्धा के कत्ल के बाद काफी दिन तक आफताब उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स को चलाता रहा। ताकि किसी को शक न हो। इसके साथ ही उसने श्रद्धा के क्रेडिट कार्ड के बिल भी भरे।

नई दिल्ली। सनसनीखेज श्रद्धा वालकर मर्डर केस की तफ्तीश कर रही दिल्ली पुलिस ने राजधानी के महरौली जंगल से मानव हड्डियां बरामद की हैं। अब तक 10 हड्डियां मिली हैं। सूत्रों के मुताबिक रीढ़ से नीचे की हड्डी यानी पेल्विक गर्डल बरामद किया गया है। श्रद्धा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार आफताब पूनावाला ने पुलिस को बताया था कि उसने श्रद्धा की पिटाई की। उससे वो बेहोश हो गई। जिसके बाद उसने गला दबाकर हत्या की। फिर चाकू से श्रद्धा की लाश के 35 टुकड़े किए। इन टुकड़ों को रोज रात 2 बजे वो महरौली के जंगल में फेंकता रहा था।

shraddha valkar murder accused aaftab poonawala

दिल्ली पुलिस का मानना है कि श्रद्धा वालकर की हत्या के बाद आफताब उसकी लाश को बाथरूम ले गया। जहां चाकू से उसके टुकड़े किए। वो शावर चलाकर ये काम करता था, ताकि खून बह जाए। पुलिस अब बरामद हड्डियों को फॉरेंसिक साइंस लैब भेजेगी। श्रद्धा के पिता को भी डीएनए सैंपल के लिए जल्द बुलाया जाएगा। हालांकि, हड्डियों से डीएनए मिलना काफी कठिन है। ऐसे में पुलिस को श्रद्धा के सिर की तलाश है। ताकि उसे दांत या बाल मिलें, तो उनसे डीएनए के लिए सैंपल लिया जा सके। लाश अगर सड़ या गल जाए, तो दांत और बालों से ही डीएनए मिल सकता है। पुलिस को श्रद्धा के मोबाइल फोन की भी तलाश है। उस फोन को आफताब ने फेंक दिया था।

murder accused aaftab poonawala

पुलिस को अब तक की छानबीन में पता चला है कि श्रद्धा के कत्ल के बाद काफी दिन तक आफताब उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स को चलाता रहा। ताकि किसी को शक न हो। इसके साथ ही उसने श्रद्धा के क्रेडिट कार्ड के बिल भी भरे। श्रद्धा का कत्ल छतरपुर के जिस फ्लैट में हुआ, वहां से पुलिस को काफी नॉवेल और लिट्रेचर की किताबें मिली हैं। इससे लगता है कि आफताब को पढ़ने का भी शौक था। अब तक की पूछताछ में वो ज्यादातर वक्त अंग्रेजी में ही जवाब देता रहा है।