newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

I.N.D.I.A Meet In Mumbai: मुंबई में कल से विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A की बैठक, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के बारे में इस चर्चा ने पकड़ा जोर

विपक्षी दलों के गठबंधन की 2 दिन चलने वाली अहम बैठक के बारे में कांग्रेस के कुछ नेता ये दावा भी कर रहे हैं कि एनडीए के कुछ घटक दल अब मुंबई में विपक्ष के खेमे में आएंगे। इस पर भी सबकी नजर है कि क्या ऐसा होगा और कौन से दल सत्ता पक्ष का साथ छोड़कर विपक्ष के साथ जाते हैं।

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई कल यानी गुरुवार से 2 दिन तक सियासी गरमी के लिए सबकी नजरों में रहने वाली है। मुंबई में 31 अगस्त और 1 सितंबर को विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A के नेताओं की बैठक होगी। विपक्षी दलों के गठबंधन की पहली बैठक पटना और दूसरी बेंगलुरु में हुई थी। अब मुंबई में होने वाली बैठक में लोकसभा चुनाव के दौरान राज्यों में सीटों के बंटवारे पर अहम फैसला होने के कयास लगाए जा रहे हैं। साथ ही गठबंधन का एक झंडा भी तैयार हो सकता है। इस बैठक के लिए इंडिया गठबंधन के नेता आज से ही मुंबई पहुंचना शुरू कर रहे हैं। इन सबके बीच विपक्षी गठबंधन के बारे में अब एक और अहम चर्चा बहुत तेजी से चल रही है।

mallikarjun kharge 34

चर्चा इसकी है कि मुंबई में होने वाले विपक्षी दलों की बैठक में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को गठबंधन के संयोजक का अहम पद दिया जा सकता है। बताया जा रहा है कि मल्लिकार्जुन खरगे को संयोजक बनाने के लिए विपक्षी दलों के नेता आमराय हो गए हैं। पहले इस पद के लिए बिहार के सीएम नीतीश कुमार का नाम चर्चा में था। नीतीश ने सोमवार को कहा था कि वो कोई पद नहीं चाहते। इसके बाद ही खरगे को संयोजक बनाए जाने की चर्चा ने जोर पकड़ा है। हालांकि, विपक्षी दलों के गठबंधन में एक की जगह कई संयोजक बनाए जाने का बयान आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने दिया था। अब सबकी नजर इस पर है कि खरगे को ये अहम पद विपक्षी नेता देते हैं या लालू की बात सच साबित होती है।

opposition party 12

विपक्षी दलों के गठबंधन की 2 दिन चलने वाली अहम बैठक के बारे में कांग्रेस के कुछ नेता ये दावा भी कर रहे हैं कि एनडीए के कुछ घटक दल अब मुंबई में विपक्ष के खेमे में आएंगे। इस पर भी सबकी नजर है कि क्या ऐसा होगा और कौन से दल सत्ता पक्ष का साथ छोड़कर विपक्ष के साथ जाते हैं। इसके अलावा विपक्षी दलों के गठबंधन की बैठक के दौरान महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति यानी बीजेपी, शिवसेना और अजित पवार के एनसीपी गुट की भी बैठक है। ये बैठक भी 31 अगस्त और 1 सितंबर को होगी।