newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

दिल्ली-एनसीआर में मानसून की आहट, कई इलाकों में हुई जोरदार बारिश

दिल्ली एनसीआर में शनिवार सुबह कई इलाकों में बारिश हुई। जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। इस बारिश के साथ मॉनसून के जल्द पहुंचने के संकेत मिल गए हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने दिल्ली में मॉनसून आने तक रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान जताया है।

नई दिल्ली। दिल्ली एनसीआर में शनिवार सुबह कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। इस बारिश के साथ मॉनसून के जल्द पहुंचने के संकेत मिल गए हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने दिल्ली में मॉनसून आने तक रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मॉनसून के दिल्ली में 27 जून तक दस्तक देने की संभावना थी लेकिन पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्र में चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण अब यह 2-3 दिन पहले आ सकता है। यानी 24 जून तक दिल्ली में मॉनसून पहुंच जाएगा।

वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि यह बारिश पाकिस्तान से असम तक बने कम दबाव के क्षेत्र का परिणाम हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। बारिश से क्षेत्र में पारा गिरेगा। अधिकतम तापमान अगले चार-पांच दिनों में 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

निजी मौसम पूर्वानुमान सेवा स्काईमेट वेदर के महेश पलावत ने बताया कि 24-25 जून के आसपास मानसून आने तक बारिश जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि इसका मतलब है कि दिल्ली में कुछ दिनों के लिए सुबह और शाम में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून के दिल्ली में 27 जून तक दस्तक देने की संभावना थी लेकिन पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्र में चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण अब यह दो-तीन दिन पहले आ सकता है। यह चक्रवाती सर्कुलेशन 19 और 20 जून को दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ गया।

इन राज्यों में हुई बारिश

बीते 24 घंटों में पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, गोवा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं, इन राज्यों के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी देखने को मिली।