मध्य प्रदेश : सांसद साध्‍वी प्रज्ञा की तबीयत बिगड़ी, बीजेपी ऑफिस में कार्यक्रम के दौरान हुई बेहोश

मध्यप्रदेश के भोपाल में भाजपा कार्यालय में सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। वो श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रदर्शनी में मौजूद थी जहां उनकी अचानक तबियत बिगड़ गई और वो बेहोश होकर गिर पड़ीं।

Avatar Written by: June 23, 2020 12:15 pm

भोपाल। मध्यप्रदेश के भोपाल में भाजपा कार्यालय में सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। वो श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रदर्शनी में मौजूद थी जहां उनकी अचानक तबियत बिगड़ गई और वो बेहोश होकर गिर पड़ीं। लोगों ने किसी तरह उन्हें उठाकर कुर्सी पर बैठाया।

काफी समय से चल रहीं बीमार

वहीं, 30 मई को भोपाल में भाजपा सांसद की गुमशुदगी के पोस्टर लगाए गए थे। इसके एक दिन बाद उनके दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती होने की खबर आई थी। सूत्रों के अनुसार साध्वी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की वजह से पिछले काफी समय से दिल्ली में भर्ती थीं। उन्होंने वीडियो संदेश जारी करके कहा था कि उनकी हालत ठीक नहीं है। उन्हें एक आंख से दिखना बंद हो गया है। और दूसरी से भी धुंधला और केवल 25 प्रतिशत दिखाई दे रहा है।

इसके अलावा दिमाग से लेकर रेटीना तक में सूजन और पस है। डॉक्टरों ने उन्हें बातचीत करने से मना किया था। भोपाल में अपनी गुमशुदगी के पोस्टर चिपकाए जाने पर उन्होंने कहा था कि ये कांग्रेस की घृणित हरकत है। लॉकडाउन में वो बेशक दिल्ली में हैं लेकिन उनकी पूरी टीम भोपाल संसदीय क्षेत्र में सक्रिय है।

डॉक्टरों ने दी थी आराम करने की सलाह

भाजपा सांसद को डॉक्टरों ने आराम करने की सलाह दी थी। सूत्रों का कहना था कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय गिरफ्तारी और पूछताछ के दौरान प्रज्ञा ठाकुर को काफी प्रताड़ित किया गया था। इस दौरान उनकी आंख और सिर में चोट लग गई थी। इसके अलावा उन्हें कमर में भी दर्द शुरू हो गया था।