
नई दिल्ली। सनसनीखेज श्रद्धा वालकर मर्डर केस के आरोपी आफताब पूनावाला का आज नारको टेस्ट होना है। ये टेस्ट दिल्ली के अंबेडकर अस्पताल में किया जाएगा। नारको टेस्ट के लिए आफताब को ट्रुथ सीरम नाम की दवा दी जाएगी। जिसके बाद वो आधी बेहोशी वाली हालत में चला जाएगा। उस वक्त उससे एक-एक कर करीब 50 सवाल पूछे जाएंगे। जिनके जवाब वो देगा। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। इससे पहले पॉलीग्राफ यानी झूठ पकड़ने की मशीन से आफताब का टेस्ट हो चुका है। उस टेस्ट में आफताब ने मान लिया था कि श्रद्धा की हत्या उसने की है। आज नारको टेस्ट के बाद अगर पुलिस चाहे, तो कोर्ट से आफताब के ब्रेन मैपिंग टेस्ट की भी मंजूरी वो ले सकती है।
आफताब ने इस साल 18 मई को श्रद्धा वालकर की हत्या कर दी थी। उसने लाश के 35 टुकड़े किए थे। लाश के टुकड़े रखने के लिए नया फ्रिज खरीदा था। हर रात वो एक-दो टुकड़े ले जाकर महरौली के जंगल में फेंकता रहा। उससे पूछताछ के बाद लाश को काटने में इस्तेमाल हथियार बरामद हो चुका है। किचन, बेडरूम और बाथरूम से खून के धब्बे भी मिले हैं। आफताब की निशानदेही पर महरौली के जंगल से जबड़ा और 13 हड्डियां भी बरामद की गई हैं। पहले खबर आई थी कि इनके डीएनए का मिलान श्रद्धा के पिता विकास के डीएनए से हो चुका है।
आफताब पूनावाला और श्रद्धा लिव इन में रहते थे। साल 2020 में श्रद्धा ने मुंबई की वसई पुलिस को शिकायत भी दी थी। श्रद्धा ने लिखा था कि आफताब उसे पीटता है। साथ ही हत्या कर लाश के टुकड़े करने की धमकी भी देता है। हालांकि, 26 दिन बाद उस शिकायत को श्रद्धा वालकर ने वापस भी ले लिया था। आफताब ने पुलिस को बताया है कि वो श्रद्धा का कत्ल मुंबई में ही करना चाहता था। एक दिन तैयारी भी की थी, लेकिन श्रद्धा जब रोने लगी, तो उसने कत्ल का इरादा त्याग दिया था। फिर दिल्ली लाया और एक दिन गुस्से में उसने कत्ल कर लाश के टुकड़े किए।