
आए दिन वीडियो जारी कर भारत को धमकी देता रहा है गुरपतवंत सिंह पन्नू।
नई दिल्ली। इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले खालिस्तानी आतंकी और प्रतिबंधित सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक्शन लिया है। NIA ने पंजाब के अमृतसर और चंडीगढ़ स्थिति गुरपतवंत सिंह पन्नू की संपत्तियों को जब्त कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू इस वक्त अमेरिका में है और वहीं से भारत विरोधी अभियान चला रहा है। इधर अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसकी जिन संपत्तियों को जब्त किया है उनमें अमृतसर जिले के बाहरी इलाके में स्थित पैतृक गांव खानकोट में 46 कनाल कृषि संपत्ति और चंडीगढ़ के सेक्टर 15, सी स्थित उसका मकान शामिल है।
2020 में भी जब्त की गई थी संपत्तियां
इससे पहले साल 2020 में भी एसएफजे के नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की संपत्तियों की कुर्की की गई थी। वहीं, अब एक बार फिर गुरपतवंत सिंह पन्नू की संपत्तियों पर एक्शन हुआ है।
NIA का पंजा.. आतंकी पन्नू पर शिकंजा, देखिए #ZeeNews की ग्राउंड कवरेज#GurpatwantSinghPannu #NIA @Chandans_live @Nidhijourno @manishmedia @capt_ivane
Follow us on #WhatsApp – https://t.co/MorPnWYfl1 pic.twitter.com/g8jcKvVJkP
— Zee News (@ZeeNews) September 23, 2023
कनाडा और भारत के बीच जारी है विवाद
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस वक्त कनाडा और भारत के बीच विवाद देखने को मिल रहा है। खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर आरोप लगाए हैं। कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अपनी संसद में आरोप लगाया कि इस हत्या मामले में भारत का हाथ है। ट्रूडो के इस बयान के बाद से ही भारत और कनाडा के रिश्तों में खटास बनी हुई है। इधर इस मामले में खालिस्तानी आतंकी और प्रतिबंधित सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू भी भारत पर हमलावर बना हुआ है।
गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कनाडा में रह रहे भारतीयों को देश छोड़ने के लिए कहा है। गुरपतवंत सिंह पन्नू का एक वीडियो सामने आया था जिसमें वो ये कहते हुए नजर आ रहा था कि कनाडा में रह रहे हिंदू भारत चले जाएं। ये उनका देश नहीं है। उनका देश भारत है। वो लोग यहां से चले जाएं।