![Punjab Murder By Nihang: पंजाब के फगवाड़ा में निहंग ने ली युवक की जान, जानिए क्या है बेअदबी जिसके आरोप में हुई ये हत्या](https://hindi.newsroompost.com/wp-content/uploads/2023/06/MURDER-1000x600.jpg)
फगवाड़ा। पंजाब में एक बार फिर बेअबदी मामले में खूनी खेल हुआ है। मामला फगवाड़ा का है। जानकारी के मुताबिक फगवाड़ा के चौड़ा खूह गुरुद्वारा में रमनदीप सिंह नाम के निहंग ने एक युवक की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने गुरुद्वारा परिसर में खुद को बंद कर लिया। बताया जा रहा है कि युवक की हत्या इसलिए की गई, क्योंकि उसपर बेअदबी का आरोप लगा था। बेअदबी का मतलब है कि पवित्र मानी जाने वाले किसी नियम का उल्लंघन, उसके प्रति अनादर का भाव, धार्मिक प्रतीकों और ग्रंथों के लिए अपमानजनक व्यवहार। अभी ये नहीं पता चला है कि रमनदीप सिंह निहंग ने जिस युवक की हत्या की, उसने बेअदबी की क्या घटना की थी। हालांकि, युवक की हत्या की चर्चा पंजाब के तमाम जगहों में हो रही है।
फगवाड़ा के सराफा बाजार स्थित गुरुद्वारा साहिब में निहंग सिंह ने एक युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद भारी पुलिस बल मौके पर तैनात। आरोप है कि गुरुद्वारा साहिब में देर रात एक व्यक्ति द्वारा बेअदबी की गई, जिस पर गुस्साए निहंग सिंह ने उक्त युवक का कत्ल कर दिया। घटना के बाद निहंग सिंह… pic.twitter.com/kMUi00ETLZ
— Punjab Kesari-Punjab (@KesariPunjab) January 16, 2024
पंजाब में इससे पहले भी बेअदबी की कई घटनाएं हुई थीं। 2023 में मोरिंडा के गुरुद्वारा में दो ग्रंथियों को पीटने और गुरुग्रंथ साहिब को अपवित्र करने के आरोपों के बाद जमकर विरोध प्रदर्शन हुए थे। इस मामले में आरोपी जसवीर सिंह था। जसवीर सिंह का वीडियो भी सामने आया था। जिसमें वो कोतवाली साहिब गुरुद्वारा में रेलिंग पार कर ग्रंथियों को पीटता और गुरुग्रंथ साहिब से छेड़छाड़ करता दिखा था। इसके बाद श्रद्धालुओं ने जसवीर को पकड़ लिया था और उसकी पिटाई की थी। बता दें कि इससे पहले किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली की सीमा पर निहंग सिखों ने एक युवक की बेअदबी के आरोप में हत्या कर उसका शव वहां पुलिस के बैरियर से टांग दिया था।
किसान आंदोलन के दौरान युवक की हत्या की गूंज पूरे देश में सुनाई दी थी। घटना के बाद आरोपी निहंगों ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था। हैरत की बात थी कि सरेंडर से पहले माला पहनाकर इन दोनों आरोपियों का सम्मान भी किया गया था। वहीं, पंजाब में इससे पहले बेअदबी के मामले की गूंज विधानसभा चुनाव के दौरान भी सुनाई दी थी। नवजोत सिंह सिद्धू ने आरोप लगाया था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार ने बेअदबी के दोषी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। कांग्रेस की तरफ से उन्होंने इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था।