newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Padma Award Ceremony : पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू समेत तमाम हस्तियां पद्म पुरस्कारों से सम्मानित, जानिए किसे मिला कौन सा सम्मान

Padma Award Ceremony : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में कई महान शख्सियतों को पद्म पुरस्कारों से अलंकृत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कैबिनेट के कई नेता पुरस्कार वितरण समारोह में मौजूद रहे।

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में कई महान शख्सियतों को पद्म पुरस्कार से नवाजा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत मोदी कैबिनेट के कई नेता पुरस्कार वितरण समारोह में मौजूद रहे। पद्म पुरस्कार पाने वालों में पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू को सार्वजनिक कार्यों के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।

सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक को सामाजिक कार्यों के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया, उनकी पत्नी अमोला पाठक ने पुरस्कार प्राप्त किया। इनके अलावा कोनिडेला चिरंजीवी, वैजयंतीमाला बाली और पद्मा सुब्रमण्यम को पद्म विभूषण से सम्मानित किया।

वहीं बालीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती तथा गायिका उषा उत्थुप को कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक को लोक कार्यों के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

इनके अलावा सीताराम जिंदल, होर्मूसजी एन कामा, यंग लियू, अश्विन बालचंद मेहता, तेजस मधुसूदन पटेल, ओलानचेरी राजगोपाल, दत्तात्रेय अंबादास मयालू उर्फ राजदत्त, प्यारेलाल रामप्रसाद शर्मा, चंद्रेश्वर प्रसाद ठाकुर, कुन्दन आर व्यास, विजयकांत (मरणोपरांत), सत्यब्रत मुखर्जी (मरणोपरांत), एम फातिमा बीवी (मरणोपरांत) तथा तोगदान रिनपोछे (मरणोपरांत) समेत कुल 17 हस्तियों को को पद्म भूषण ने सम्मानित किया गया।

टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्म श्री दिया गया। चिकित्सा के क्षेत्र में मनोहर कृष्ण डोले को पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

पैरा स्विमर सत्येंद्र सिंह लोहिया को पद्म श्री से सम्मानित किया गया। वो व्हील चेयर पर पुरस्कार लेने पहुंचे तो राष्ट्रपति ने खुद आगे आकर उन्हें सम्मानित किया।

विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में राम चेत चौधरी को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। लोक नर्तक नारायणन ई.पी. को कला के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित किया। इनके अलावा भी कई अन्य हस्तियों को समाजिक दृष्टिकोण को लेकर किए उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पद्म श्री पुरस्कार से नवाजा गया।