newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

76th Independence Day: स्वतंत्रता दिवस पर PM मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग का किया एलान, बोले- जिन्होंने देश को लूटा…

मोदी ने कहा कि आज हम दो बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। एक भ्रष्टाचार और दूसरा परिवारवाद या भाई-भतीजावाद। भ्रष्टाचार देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा है। हमें इससे लड़ना है। हमें अपनी संस्थाओं की ताकत का एहसास करने के लिए, योग्यता के आधार पर देश को आगे ले जाने के लिए परिवारवाद के खिलाफ जागरूकता बढ़ानी होगी।

नई दिल्ली। देश की आजादी की 76वीं सालगिरह के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार और देश को लूटकर खाने वालों के खिलाफ जंग का एलान किया है। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद देश को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए जनता का साथ चाहिए। आपसे भ्रष्टाचार से लड़ने की ताकत चाहिए। मोदी ने कहा कि जिन्होंने देश को लूटा, उन्हें लौटाना होगा। बैंक लूटने वालों की संपत्ति जब्त किए जाने का उदाहरण भी उन्होंने दिया। मोदी ने कहा कि आज हम दो बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। एक भ्रष्टाचार और दूसरा परिवारवाद या भाई-भतीजावाद। भ्रष्टाचार देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा है। हमें इससे लड़ना है। हमें अपनी संस्थाओं की ताकत का एहसास करने के लिए, योग्यता के आधार पर देश को आगे ले जाने के लिए परिवारवाद के खिलाफ जागरूकता बढ़ानी होगी।

modi at red fort 2022 1

उन्होंने लालकिले की प्राचीर से नया नारा भी दिया। मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री ने जय जवान, जय किसान का नारा दिया था। इसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी ने इसमें जय विज्ञान जोड़ा और अब इसमें जय अनुसंधान जोड़ने का समय आ गया है। अब जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान का नारा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तनाव की बात होती है तो लोगों को योग दिखता है, सामूहिक तनाव की बात होती है तो भारत की पारिवारिक व्यवस्था दिखती है। संयुक्त परिवार की एक पूंजी सदियों से हमारी माताओं के त्याग बलिदान के कारण परिवार नाम की जो व्यवस्था विकसित हुई, ये हमारी विरासत है जिसपर हम गर्व करते हैं।

modi at red fort 2

पीएम मोदी ने कहा कि हमारा सबसे बड़ा संकल्प है विकसित भारत और इससे कम कुछ नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि हर हाल में 25 साल के भीतर विकसित भारत बनाएंगे। मोदी ने कहा कि हमारे भारत ने सिद्ध कर दिया कि हमारे पास ये अनमोल सामर्थ्य है। आजादी के बाद जन्मा मैं पहला व्यक्ति था जिसे लाल किले से देशवासियों का गौरव गान करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि मैंने गांधीजी के सपनों को पूरा करने के लिए खुद को समर्पित किया है। हिंदुस्तान का कोई कोना, कोई काल ऐसा नहीं था, जब देशवासियों ने सैकड़ों साल तक गुलामी के खिलाफ जंग न की हो, जीवन न खपाया हो, यातनाएं न झेली हो, आहुति न दी हो। देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वालों को इस तरह मोदी ने अपनी श्रद्धांजलि दी।