newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Modi Mann Ki Baat: पीएम मोदी ने मन की बात में डिजिटल अरेस्ट से देशवासियों को किया सावधान; मोटू-पतलू, आत्मनिर्भर भारत के साथ सरदार पटेल और भगवान बिरसा मुंडा की भी चर्चा की

PM Modi Mann Ki Baat: पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 115वें एपीसोड में लोगों को डिजिटल अरेस्ट के प्रति सावधान किया। मोदी ने एनिमेशन की चर्चा करते हुए छोटा भीम, मोटूि-पतलू और हनुमान के लोकप्रियता की भी चर्चा की। उन्होंने और क्या कहा ये जानिए।

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 115वें एपीसोड में लोगों को डिजिटल अरेस्ट के प्रति सावधान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल अरेस्ट फरेब है। मोदी ने कहा कि कोई भी एजेंसी फोन पर पूछताछ नहीं करती। मोदी ने अपने मन की बात में भारत के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना करने का मसला भी उठाया। उन्होंने कहा कि भारत में हर युग में चुनौती आई है। उन्होंने चुनौतियों का जिक्र करते हुए दो प्रख्यात शख्सियतों की बात भी की। मन की बात में पीएम मोदी ने आत्मनिर्भरता को जुनून बताया। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले की बात है, तब कोई कहता था कि भारत में कोई जटिल तकनीकी विकसित हो रही है, तो लोगों को भरोसा नहीं होता था और कई लोग इसका उपहास करते थे। आज ऐसे लोग देश की सफलता देखकर अचंभे में रहते हैं। भारत हर क्षेत्र में कमाल कर रहा है।

मोदी ने कहा कि भारत एनिमेशन की दुनिया में क्रांति लाया है। उन्होंने मन की बात में कहा कि जब छोटा भीम टीवी पर आता था, तो बच्चे कितने खुश होते थे। मोदी ने कहा कि हमारे दूसरे एनिमेटेड सीरियल मोटू-पतलू, हनुमान को दुनिया में सराहा गया। सोमवार को वर्ल्ड एनिमेशन डे मनाया जाएगा। आइए भारत को मजबूत करें। पीएम मोदी ने मन की बात में कहा कि इन दिनों वीआर टूरिज्म बहुत प्रसिद्ध हो रहा है। आप वर्चुअल टूर से अजंता की गुफाओं, कोणार्क मंदिर के कॉरिडोर और वाराणसी के घाटों का आनंद ले सकते हैं। मोदी ने कैलिग्राफी की भी चर्चा की।

पीएम मोदी ने कहा कि इसी महीने लद्दाख के हानले में एशिया की सबसे बड़ी इमेजिंग टेलीस्कोप एमएसीई का उद्घाटन हुआ है। ये 4300 मीटर की ऊंचाई पर स्थापित किया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि हर युग में भारत ने चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने कहा कि ऐसे दो महानायकों की चर्चा करूंगा, जिनमें साहस और दूरदर्शिता थी। मोदी ने बताया कि 31 अक्टूबर को देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष की शुरुआत होगी। फिर 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा का 150वीं जयंती वर्ष शुरू होगा। मोदी ने कहा कि दोनों महापुरुषों के सामने अलग-अलग चुनौतियां थीं, लेकिन उनका लक्ष्य देश की एकता ही था।