newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

USA Visit Of Modi: अमेरिका दौरे पर पीएम मोदी रवाना, लोगों के उत्साह भरे संदेशों पर बोले- ये भारत से प्रगाढ़ दोस्ती दिखाता है

पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिका के दौरे पर रवाना हो चुके हैं। अमेरिका में भारतीय दूतावास को मोदी के दौरे के संबंध में लगातार प्रतिष्ठित और आम लोगों के संदेश मिल रहे हैं। टेक्स्ट के अलावा इनमें वीडियो संदेश भी हैं। इन संदेशों को पढ़ने और देखने के बाद पीएम मोदी ने सभी लोगों को धन्यवाद दिया है। मोदी का अमेरिका में भव्य स्वागत किया जाएगा।

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिका के दौरे पर रवाना हो चुके हैं। मोदी 21 जून से 24 जून तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे। अमेरिका से लौटते वक्त वो मिस्र भी जाएंगे। मोदी के अमेरिका दौरे से पहले वहां सरकारी स्तर और आम लोगों, खासकर भारतीयों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सोशल मीडिया मोदी को चाहने वालों के संदेशों से पटा पड़ा है। भारतीय समुदाय के लोग अमेरिका में जगह जगह यूनिटी रैली कर रहे हैं। अमेरिका के सांसद और सरकार के लोगों ने मोदी का अपने देश में तहेदिल से स्वागत किया है। इनके अलावा अपने क्षेत्र के प्रसिद्ध लोगों ने भी मोदी के अमेरिका दौरे के लिए पलक-पांवड़े बिछाए हैं। इनमें तीन बार प्रतिष्ठित ग्रैमी अवॉर्ड हासिल करने वाले मशहूर संगीतकार रिकी केज भी हैं। सुनिए रिकी केज ने मोदी के अमेरिका दौरे पर क्या कहा है।

अमेरिका में भारतीय दूतावास को मोदी के दौरे के संबंध में लगातार प्रतिष्ठित और आम लोगों के संदेश मिल रहे हैं। टेक्स्ट के अलावा इनमें वीडियो संदेश भी हैं। इन संदेशों को पढ़ने और देखने के बाद पीएम मोदी ने सभी लोगों को धन्यवाद दिया है। पीएम मोदी ने भारतीय दूतावास के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा कि अमेरिकी संसद के सदस्यों समेत सभी लोगों, विचारकों और अन्य ने मेरे अमेरिका दौरे पर उत्साह दिखाया। मोदी ने सभी लोगों को उनके संदेश के लिए धन्यवाद देते हुए कहा है कि इससे पता चलता है कि भारत और अमेरिका की दोस्ती कितनी गाढ़ी है।

अमेरिका में मोदी की राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात होनी है। मोदी के लिए बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन ने राजकीय भोज रखा है। मोदी को व्हाइट हाउस में 21 तोपों की सलामी भी दी जाएगी। मोदी भारत के पहले ऐसे पीएम हैं, जो दूसरी बार अमेरिका की संसद के दोनों सदनों के सदस्यों को संबोधित करेंगे। मोदी के अमेरिका दौरे में लड़ाकू विमानों के इंजन के टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और प्रीडेटर हमलावर ड्रोन खरीदने समेत कई समझौते भी होने हैं।