newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Modi In Ayodhya: भगवान रामलला के दर्शन करने तीसरी बार आ रहे पीएम मोदी, इंदिरा से लेकर अटल तक अयोध्या आकर भी नहीं गए थे जन्मभूमि मंदिर

PM Modi In Ayodhya: देश के कई पीएम अयोध्या तो आए, लेकिन उन्होंने राम जन्मभूमि और भगवान रामलला से दूरी बनाए रखी। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी अयोध्या कई बार आए, लेकिन तीनों ने भगवान रामलला के दर्शन करने से खुद को दूर ही रखा।

अयोध्या। राम जन्मभूमि स्थित भव्य राम मंदिर में भगवान रामलला आखिर 500 साल के इंतजार के बाद अब भक्तों को दर्शन देंगे। रामलला को पहले बाबरी मस्जिद के भीतर रहना पड़ा। फिर बाबरी ध्वंस के बाद 1992 से 2019 तक वो टेंट में रहे। इसके बाद कोर्ट से केस जीतने पर रामलला के लिए अस्थायी मंदिर बनाया गया था। भगवान रामलला के मंदिर के लिए हुए आंदोलन में पीएम नरेंद्र मोदी की भी बड़ी भूमिका रही है। वो देश के पहले पीएम हैं, जो राम जन्मभूमि आ रहे हैं। मोदी इससे पहले भी राम मंदिर के शिलान्यास पर राम जन्मभूमि पहुंचे थे। देश का कोई और पीएम अब तक भगवान रामलला के दर्शन करने नहीं गया। मोदी जब बीजेपी के नेता थे, उस वक्त भी जनवरी 1992 में उन्होंने बाबरी मस्जिद के भीतर रामलला के दर्शन किए थे।

साल 1992 में नरेंद्र मोदी ने मुरली मनोहर जोशी के साथ रामलला के दर्शन किए थे। मोदी ने तब प्रण किया था कि जब राम मंदिर बनेगा तभी वो दर्शन करने आएंगे।

देश के कई पीएम अयोध्या तो आए, लेकिन उन्होंने राम जन्मभूमि और भगवान रामलला से दूरी बनाए रखी। पीएम इंदिरा गांधी 1966 में सरयू पुल का लोकार्पण करने अयोध्या आईं। फिर 1979 में अयोध्या आकर इंदिरा गांधी ने हनुमान गढ़ी के दर्शन किए, लेकिन दोनों ही बार वो रामलला के दर्शन करने नहीं गईं। राजीव गांधी दो बार पीएम और एक बार पूर्व पीएम के तौर पर अयोध्या आए थे। उन्होंने 1984 में अयोध्या में जनसभा की थी। 1989 में कांग्रेस के चुनावी अभियान को भी राजीव गांधी ने अयोध्या से शुरू किया था। जबकि, 1990 में अयोध्या से राजीव ने पूर्व पीएम के तौर पर सद्भावना यात्रा शुरू की थी, लेकिन वो भी राम जन्मभूमि परिसर में भगवान रामलला से दूरी बनाए रहे।

इसके बाद पीएम रहते हुए अटल बिहारी वाजपेयी दो बार अयोध्या पहुंचे, लेकिन भगवान राम के जन्मस्थल से दूरी बनाए रखी। अटल बिहारी वाजपेयी जब साल 2003 में महंत रामचंद्र परमहंस की अंत्येष्टि में पहुंचे, तो उन्होंने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर को राष्ट्रीय आस्था बताया था और महंत के इस सपने को पूरा करने की बात भी की थी। तो अब पीएम के तौर पर नरेंद्र मोदी एक बार फिर भगवान रामलला के दरबार में पहुंचकर उनको श्रद्धा जताने वाले पहले प्रधानमंत्री का दर्जा जरूर हासिल कर लिया है।