newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Narendra Modi Met Vijay Rupani’s Family : विजय रूपाणी के परिवार से मिले पीएम नरेंद्र मोदी, पूर्व सीएम की मृत्यु के बाद उनके लकी नंबर की हो रही चर्चा

PM Narendra Modi Met Vijay Rupani’s Family : पीएम नरेंद्र मोदी ने विजय रूपाणी के साथ अपनी कुछ पुरानी फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, यकीन नहीं हो रहा कि विजयभाई हमारे बीच नहीं हैं। मैं उन्हें दशकों से जानता हूं। हमने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। हमारे बीच हुई बातचीत हमेशा याद रहेगी। दु:ख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।

नई दिल्ली। एयर इंडिया विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अहमदाबाद में विजय रूपाणी के परिवार वालों से मिले और उनका दु:ख बांटा। विजय रूपाणी की मृत्यु के बाद उनके लकी नंबर को लेकर काफी चर्चा हो रही है। दरअसल विजय रूपाणी 1206 अंक को अपना लकी नंबर मानते थे। विजय रूपाणी की पुरानी स्कूटर हो या कार सभी का रजिस्ट्रेशन नंबर 1206 है। लोग गाड़ी के नंबर से पहचान जाते थे कि यह विजय रूपाणी की है। मगर यही 12/06 (12 तारीख छठवां महीना) उनके जीवन का अंतिम दिन साबित हुआ।

उधर, पीएम मोदी ने विजय रूपाणी के साथ अपनी कुछ पुरानी फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, यकीन नहीं हो रहा कि विजयभाई हमारे बीच नहीं हैं। मैं उन्हें दशकों से जानता हूं। हमने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया, जिसमें सबसे चुनौतीपूर्ण समय भी शामिल है। विजयभाई विनम्र और मेहनती थे, पार्टी की विचारधारा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध थे। पद पर बढ़ते हुए, उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियाँ संभालीं और गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में लगन से काम किया।

मोदी ने लिखा, विजय भाई को जो भी भूमिका सौंपी गई, उसमें उन्होंने खुद को प्रतिष्ठित किया, चाहे वह राजकोट नगर निगम में हो, राज्यसभा सांसद के रूप में हो, गुजरात बीजेपी अध्यक्ष के रूप में हो या राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में हो। विजयभाई और मैंने गुजरात का मुख्यमंत्री रहते हुए भी बहुत काम किया था। उन्होंने कई ऐसे कदम उठाए जिससे गुजरात की विकास दर में तेजी आई, खास तौर पर ‘जीवन की सुगमता’ को बढ़ावा मिला। हमारे बीच हुई बातचीत हमेशा याद रहेगी। दु:ख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। ओम शांति। बता दें कि विजय रूपाणी लंदन में बेटी के घर जा रहे थे, उनकी पत्नी बेटी के पास थीं।