newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Narendra Modi On Axiom-4 Mission : पीएम नरेंद्र मोदी ने शुभांशु शुक्ला के लिए लिखा खास संदेश, Axiom-4 मिशन के लिए सभी अंतरिक्ष यात्रियों को दी शुभकामनाएं

PM Narendra Modi On Axiom-4 Mission : मोदी ने कहा, भारतीय अंतरिक्ष यात्री, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं। वे अपने साथ 1.4 बिलियन भारतीयों की इच्छाएं, उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर गए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया है।

नई दिल्ली। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Axiom-4 मिशन को लेकर प्रतिक्रिया दी है। मोदी ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के लिए एक खास संदेश भी दिया है। पीएम ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर अंतरिक्ष मिशन के सफल प्रक्षेपण का स्वागत करते हैं। भारतीय अंतरिक्ष यात्री, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं। वे अपने साथ 1.4 बिलियन भारतीयों की इच्छाएं, उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर गए हैं। शुभांशु और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की शुभकामनाएं।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया है। योगी आदित्यनाथ ने Axiom-4 मिशन के पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है। साथ ही कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, इस अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष मिशन में भारत की भागीदारी वैज्ञानिक उन्नति और वैश्विक सहयोग के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसी के साथ योगी ने सभी अंतरिक्ष यात्रियों को आगे के मिशन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

उधर, शुभांशु शुक्ला समेत चार अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर गया फाल्कन 9 रॉकेट धरती पर सुरक्षित वापस लौट आया है। जबकि ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की ओर बढ़ रहा है। आपको बता दें कि फाल्कन 9 रॉकेट की यह खासियत है कि वो अंतरिक्ष यान को अंतरिक्ष की कक्षा में छोड़कर धरती पर वापस लौट आता है। स्पेस एक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट को लेकर फाल्कन 9 रॉकेट ने दोपहर 12 बजकर 1 मिनट पर अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित केनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी थी। फाल्कन 9 दुनिया का पहला ऑर्बिटल क्लास रीयूजेबल रॉकेट है। इसे एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स ने बनाया है।