newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Delhi: PMO ने जारी किया केंद्रीय मंत्रियों की संपत्ति का ब्योरा, जानिए क्या-क्या है PM मोदी और उनके मंत्रियों के पास

पीएम मोदी की संपत्ति में वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान 26 लाख 13 हजार की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा मोदी ने गुजरात में एक प्लॉट भी खरीदा है। फिलहाल मोदी के पास प्लॉट, एफडी, बैंक बैलेंस, एनएससी, जीवन बीमा, जेवर और नकदी के तौर पर 2 करोड़ 23 लाख 82 हजार 504 रुपए की संपत्ति है।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री कार्यालय PMO ने पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के कई मंत्रियों की संपत्ति का लेखा-जोखा जारी किया है। पीएम मोदी की संपत्ति में वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान 26 लाख 13 हजार की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा मोदी ने गुजरात में एक प्लॉट भी खरीदा है। फिलहाल मोदी के पास प्लॉट, एफडी, बैंक बैलेंस, एनएससी, जीवन बीमा, जेवर और नकदी के तौर पर 2 करोड़ 23 लाख 82 हजार 504 रुपए की संपत्ति है। इससे पहले उनके पास 1 करोड़ 97 लाख 68 हजार 885 रुपए की संपत्ति थी। मोदी की संपत्ति की जानकारी देते हुए पीएमओ ने नोट में लिखा है कि अचल संपत्ति 401/A संयुक्त रूप से तीन अन्य संयुक्त मालिकों के साथ हिस्सेदार थे और प्रत्येक के पास 25% के बराबर हिस्सा था। एक हिस्सा दान कर दिया गया है। इससे पहले पिछले साल पीएम मोदी ने 401/A सेक्टर-1, गांधीनगर में स्थित एक आवासीय भूखंड में 3,531.45 वर्ग फिट दिखाया था। उसका बाजार मूल्य 1.10 करोड़ रुपए है।

मोदी के अलावा उनकी सरकार के 10 और मंत्रियों की संपत्ति की जानकारी भी पीएमओ ने अपनी वेबसाइट पर दी है। इनमें राजनाथ सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, हरदीप सिंह पुरी, आर के सिंह, जी. किशन रेड्डी, पुरुषोत्तम रूपाला, वी. मुरलीधरन, फग्गन सिंह कुलस्ते, ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्तार अब्बास नकवी शामिल हैं। नकवी अब मंत्री नहीं हैं। कुल मिलाकर अभी 30 कैबिनेट में से 8 और 45 राज्य मंत्रियों में से 2 ने संपत्ति की जानकारी दी है। स्वतंत्र प्रभार के 2 राज्य मंत्रियों ने भी अपनी संपत्ति नहीं बताई है। पीएमओ के मुताबिक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंहकी संपत्ति 29 लाख 58 हजार रुपए बढ़कर 2.54 करोड़ की हो गई। अचल संपत्ति पहले की ही तरह 2.97 करोड़ की है। वहीं, ज्योतिरादित्य सिंधिया की संपत्ति 35.63 करोड़ की है। उनपर 58 लाख की देनदारी है। संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी के पास 1.43 करोड़ की संपत्ति है।

jyotiraditya scindia

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपनी संपत्ति के बारे में बताया है कि ये 1.62 करोड़ से बढ़कर 1.83 करोड़ हो चुकी है। पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला की कुल संपत्ति 7.29 करोड़ रुपए है। ये पिछले साल की तुलना में 1.42 करोड़ अधिक है। माना जा रहा है कि अगले महीने तक मोदी सरकार के बाकी मंत्रियों की संपत्ति की जानकारी भी पीएमओ की वेबसाइट में अपलोड कर दी जाएगी। कई मंत्रियों ने अपनी पत्नी की संपत्ति की जानकारी भी जारी की है।