newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Railway Minister Ashwini Vaishnav At Accident Spot : ट्रेन एक्सीडेंट घटनास्थल पर बाइक से पहुंचे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, ममता बनर्जी भी कोलकाता से हुईं रवाना

Railway Minister Ashwini Vaishnav At Accident Spot : इस एक्सीडेंट के बाद 19 ट्रेनों को रद्द किया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, घायलों के उचित उपचार के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे और इस घटना की कमिश्नर रेल सुरक्षा के द्वारा उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। अभी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है और हमारा ध्यान रेल मार्ग का संचालन जल्द से जल्द सुचारू रूप से शुरू करने पर है।

नई दिल्ली। दार्जिलिंग जिले के रंगापानी स्टेशन के पास कंचनजंगा एक्सप्रेस और मालगाड़ी की भिड़ंत में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 50 से ज्यादा घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और मौके पर मौजूद अधिकारियों से इस दुर्घटना के संबंध में जानकारी ले रहे हैं। साथ ही रेल मंत्री राहत और बचाव कार्य का भी जायजा ले रहे हैं। रास्ता न होने की वजह से रेल मंत्री को बाइक पर बैठकर घटनास्थल तक पहुंचना पड़ा।

दुर्घटनास्थल का दौरा करने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, घायलों के उचित उपचार के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे और इस घटना की कमिश्नर रेल सुरक्षा के द्वारा उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। अभी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है और हमारा ध्यान रेल मार्ग का संचालन जल्द से जल्द सुचारू रूप से शुरू करने पर है।

इससे पहले हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और घायलों के लिए रेल मंत्री की ओर से आर्थिक सहायता का ऐलान किया गया है। रेल मंत्री ने इस हादसे में मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को 2.5 लाख रुपए और मामूली घायलों को 50 हजार रुपए के मुआवजे का ऐलान किया।

दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचेगी। ममता बनर्जी कोलकाता से निकल चुकी हैं। उधर, इस जबर्दस्त रेल हादसे के बाद भारतीय रेल की तरफ से इस रूट से गुजरने वाली 19 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इस घटना के बाद रेल मंत्रायल की तरफ से कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं जहां से लोग ट्रेन में सवार अपने रिश्तेदारों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।