
जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह।
पटना। केंद्रीय मंत्री और नीतीश कुमार के करीबी राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह की तरफ से सावन के पवित्र महीने में मटन पार्टी दिए जाने पर बिहार की सियासत गर्माती दिख रही है। ललन सिंह ने बुधवार को लखीसराय में एक कार्यक्रम के बाद मटन पार्टी की थी। हालांकि, मटन पार्टी से पहले ललन सिंह ने स्टेज से बाकायदा एलान किया था कि जो सावन को नहीं मानते उनके लिए मटन है और जो मानते हैं उनके लिए शाकाहारी भोजन भी रखा गया है। सुनिए नीतीश कुमार के करीबी केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने भोज से पहले क्या कहा था।
#WATCH | बिहार के मुंगेर जिले में JDU के संवाद कार्यक्रम में मीट पार्टी का वीडियो वायरल हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने स्टेज से कहा कि मटन और सादे खाने का इंतजाम है। जो लोग मटन खाना चाहते हैं वे खा सकते हैं। सावन में मटन पार्टी का आयोजन चर्चा का विषय बन गया है।#Bihar pic.twitter.com/QgP5OjT0E2
— Hindustan (@Live_Hindustan) July 17, 2025
ललन सिंह ने भले ही लोगों से कहा कि वे जैसा चाहें वैसा भोजन कर सकते हैं और मटन के साथ शाकाहारी भोजन भी है, लेकिन इस पर सियासत गर्मा गई है। आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक्स पर पोस्ट कर ललन सिंह पर किस तरह निशाना साधा, ये भी आप देखिए।
ढोंग रच – रच ढकोसले फ़ैला, दूसरों के खान – पान में खोट निकालने वाले , कपटी और बड़े धूर्त हैं ये कान फूँकने वाले..
कथनी करनी में अंतर इनके, हैं ये जहरीले मंतर फूंकने वाले
ये धर्म का मर्म छिपाते हैं , अपना थूका ही चाट जाते हैं, हैं असल में ये दोहरे चरित्र वाले .. pic.twitter.com/Uzm2H2zGkc— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) July 16, 2025
दरअसल, इस मामले में सियासत इसलिए गर्माई है क्योंकि पीएम नरेंद्र मोदी ने सावन में मटन और मछली खाने के लिए एक बार कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव पर निशाना साधा था। पीएम मोदी ने उस वक्त कहा था कि इन्हें लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करने में मजा आता है। बीजेपी ने भी कुछ दिन पहले एक्स पर तेजस्वी यादव पर उनकी दो फोटो पोस्ट कर निशाना साधा था। एक फोटो में तेजस्वी यादव मछली खाते और दूसरे में भगवान शिव की पूजा करते दिखाए गए थे। सोशल मीडिया का दौर है और हर मामला सामने आ ही जाता है। ऐसे में अब ललन सिंह की मटन पार्टी के कारण विपक्षी आरजेडी को एनडीए पर निशाना साधने का मौका मिल गया है।