लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रवक्ता और अखिलेश यादव के करीबी अनुराग भदौरिया अपने एक वीडियो की वजह से सोशल मीडिया पर यूजर्स का निशाना बन गए। इस वीडियो में अनुराग भदौरिया दो युवाओं को सपा का मेंबर बनाते दिख रहे हैं। वीडियो को अनुराग ने जैसे ही ट्विटर पर अपलोड किया, तो लोगों ने उनपर तमाम कमेंट करने शुरू कर दिए। अनुराग इससे पहले कई बार सोशल मीडिया पर अपने वीडियो की वजह से यूजर्स का निशाना बन चुके हैं। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से उन्होंने एक वीडियो बनाया था, जिसे लेकर भी उन्हें लोगों ने खूब खरी-खोटी सुनाई थी।
ताजा वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए अनुराग ने लिखा, ‘यूपी में समाजवादी पार्टी का सदस्य बनने की होड़ सी लगी है।। यूपी की जनता और युवाओं को सिर्फ़ समाजवादी पार्टी से ही आशा है।’ मजे की बात ये भी है कि अनुराग इस वीडियो में जिन दो युवाओं को सपा के मेंबरशिप की पर्ची थमाते दिख रहे हैं, उनमें से एक का नाम तक उन्हें नहीं पता। जबकि, सदस्यता की पर्ची पर संबंधित मेंबर का नाम ही सबसे पहले लिखा जाता है। इससे पहले जब भदौरिया ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से एक वीडियो बनाकर दावा किया था कि सपा का झंडा लेकर उन्हें जाते देख खुद गाड़ी वाले उन्हें बिठाने लगे। अनुराग ने तब दावा किया था कि ये दिखाता है कि सपा के पक्ष में यूपी में लहर चल रही है। हालांकि, सपा को विधानसभा चुनाव में मुंह की खानी पड़ी।
यूपी में समाजवादी पार्टी का सदस्य बनने की होड़ सी लगी है।। यूपी की जनता और युवाओं को सिर्फ़ समाजवादी पार्टी से ही आशा है।।@yadavakhilesh @MediaCellSP @samajwadiparty pic.twitter.com/80jWlr3sky
— Dr Anurag bhadouria (@anuragspparty) August 1, 2022
बहरहाल, ताजा वीडियो अपलोड कर अनुराग भदौरिया ट्विटर पर यूजर्स के निशाने पर आए। लोगों ने उन्हें पुराने वीडियो की याद भी दिलाई। इसके अलावा तमाम यूजर्स ने लिखा कि सिर्फ दो ही लोगों को सदस्य बना रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि सपा में शामिल होने की होड़ लगी है। इसके अलावा यूजर्स ने ये भी कहा कि अगर होड़ की बात सच होती तो दो बार यूपी में पराजय का सामना नहीं करना पड़ता। वहीं, एक यूजर ने ये भी लिखा कि जिन्हें आप सदस्य बना रहे हो, वे आपकी रैली से जब निकलेंगे तो भारत माता की जय और वंदे मातरम ही कहते सुनाई देंगे। यूजर्स ने अनुराग भदौरिया को किस तरह खरी-खोटी सुनाई, वो आप ऊपर दिए ट्वीट के रिप्लाई सेक्शन में जाकर देख सकते हैं।