newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ayodhya Deepotsav: अयोध्या में आज दीपोत्सव पर 21 लाख दीपक से जगमगाएंगे सरयू के घाट, आप भी जलवा सकते हैं रामनगरी में अपना दीया, बस करना होगा ये छोटा सा काम

दोपहर 3.20 बजे भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण जी के पात्र हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क में उतरेंगे। वहां गवर्नर और सीएम योगी इन सभी की पूजा और आरती कर अयोध्या में प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करेंगे। इसके कुछ देर बाद सूरज के ढलते ही अयोध्या में दीप जलाने की शुरुआत होगी।

अयोध्या। योगी आदित्यनाथ ने यूपी का सीएम बनने के बाद 2017 में रामनगरी अयोध्या में छोटी दिवाली पर दीपोत्सव की शुरुआत की थी। अयोध्या में सरयू किनारे के घाटों पर लाखों की संख्या में दीये जलाने की शुरुआत ने यूपी के पर्यटन में नए आयाम को जोड़ा। हर साल दीयों की संख्या बढ़ती गई और दीपोत्सव के नए रिकॉर्ड बनते गए। आज शाम को भी अयोध्या में दीपोत्सव का नया रिकॉर्ड बनने जा रहा है। अयोध्या के घाटों पर आज 21 लाख दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा अयोध्या शहर में भी लाखों की तादाद में दीये जलाने की तैयारी है। अयोध्या में आज होने जा रहे दीपोत्सव में यूपी की गवर्नर आनंदी बेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ, उनकी सरकार के कई मंत्री और विदेशी राजनयिक भी हिस्सा लेंगे। दीपोत्सव से पहले हेलीकॉप्टर के जरिए भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण जी के पात्र अयोध्या में पधारेंगे। जिनका प्रतीकात्मक राजतिलक किया जाएगा।

दीपोत्सव से पहले एक भव्य शोभायात्रा अयोध्या के साकेत महाविद्यालय से चलेगी। इस शोभा यात्रा में रामायण से जुड़ी 7 झांकियां और सूचना विभाग की 11 झांकियां होंगी। इन झांकियों को गवर्नर आनंदी बेन पटेल, सीएम योगी और अन्य मंत्री देखेंगे। इसके बाद दोपहर 3.20 बजे भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण जी के पात्र हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क में उतरेंगे। वहां गवर्नर और सीएम योगी इन सभी की पूजा और आरती कर अयोध्या में प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करेंगे। दोपहर 3.44 बजे रामकथा पार्क में ही दीपोत्सव पर तैयार कराए गए कॉफी टेबल बुक का विमोचन होगा। इसके बाद शाम करीब 4 बजे सीएम योगी और फिर उनके बाद गवर्नर आनंदी बेन पटेल अपना संबोधन देंगी। सीएम योगी इस दीपोत्सव में आए कई देशों के राजनयिकों से मुलाकात करेंगे। फिर 5.20 से 5.40 बजे तक राम की पैड़ी पर सरयू नदी की आरती की जाएगी।

ayodhya deepotsav 2024 1

इसके बाद सरयू के 5 घाटों पर 21 लाख दीये जलाने का कार्यक्रम शुरू होगा। अयोध्या शहर में भी इसी दौरान लाखों दीये जलाए जाएंगे। दीये जलाने के बाद सरयू तट राम की पैड़ी पर रामायण पर तैयार थ्री डी होलोग्राफिक शो, लेजर शो और म्यूजिकल आतिशबाजी भी होगी। इसके बाद रात 9 बजे से खास मंच पर अंतरराष्ट्रीय और देश के अलग-अलग प्रांतों की भाषाओं में रामलीला का भी मंचन किया जाएगा। आप भी इस बार दीपोत्सव में अपने नाम का दीया अयोध्या में जलवा सकते हैं। इसके लिए आपको Holy Ayodhya नाम का एप डाउनलोड करना होगा। इसमें कम से कम 101 रुपए देकर आप एक दीया दे सकेंगे। 11 दीयों के लिए 251 रुपए, 21 दीयों के लिए 501 रुपए और 51 दीयों के लिए 1100 रुपए ऑनलाइन देने होंगे।