newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Anil Antony Resigns: पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे का कांग्रेस से इस्तीफा, PM मोदी पर बीबीसी डॉक्यूमेंट्री का विरोध करने पर दबाव और गालीगलौज का लगाया आरोप

अनिल एंटनी ने मंगलवार को ही पीएम नरेंद्र मोदी के बारे में बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर बैन लगाने को सही ठहराया था। उन्होंने इस डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन बैन किए जाने का विरोध करने वालों पर सवाल उठाए थे।

तिरुवनंतपुरम। कांग्रेस को अब एक और झटका लगा है। पूर्व रक्षा मंत्री और पार्टी के दिग्गज नेता एके एंटनी के बेटे अनिल ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया है। अनिल ने कांग्रेस से अपने इस्तीफे की जानकारी ट्वीट कर दी है। अनिल एंटनी ने ट्वीट में लिखा है कि मैं कांग्रेस में अपनी सभी भूमिकाओं से इस्तीफा दे रहा हूं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों की जुबान बंद करने की कोशिश की जा रही है। उन्हें अपना पुराना ट्वीट हटाने के लिए दबाव में लेने की कोशिश का भी अनिल एंटनी ने अपने ट्वीट में जिक्र किया है। अनिल एंटनी ने ट्वीट में इस्तीफा पत्र भी दिया है। उनका कहना है कि प्रेम को बढ़ावा देने वाले के समर्थक से घृणा की जा रही है और गालियां दी जा रही हैं।

बता दें कि अनिल एंटनी ने मंगलवार को ही पीएम नरेंद्र मोदी के बारे में बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर बैन लगाने को सही ठहराया था। उन्होंने इस डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन बैन किए जाने का विरोध करने वालों पर सवाल उठाए थे। अनिल एंटनी ने अपने ट्वीट में लिखा था कि बीजेपी से तमाम मतभेदों के बावजूद भारत से पूर्वाग्रह रखने के लंबे इतिहास वाले ब्रिटेन के प्रायोजित चैनल बीबीसी और इराक युद्ध के पीछे के दिमाग वाले पूर्व ब्रिटिश विदेश मंत्री जैक स्ट्रॉ के विचारों को रखना भारतीय संस्थानों के लिए खतरनाक मिसाल है। अनिल एंटनी ने बीबीसी की मोदी विरोधी डॉक्यूमेंट्री को भारत की संप्रभुता के लिए खतरा भी बताया था।

बता दें कि बीबीसी ने मोदी के खिलाफ एक डॉक्यूमेंट्री तैयार की है। ये डॉक्यूमेंट्री दो पार्ट में है। इसमें साल 2002 के गुजरात दंगों के लिए मोदी को जिम्मेदार बताया गया है। जैक स्ट्रॉ समेत कई लोगों के इंटरव्यू पर डॉक्यूमेंट्री आधारित है। हालांकि, इंटरव्यू देकर मोदी को घेरने की कोशिश करने वाले एक भी शख्स ने कोई सबूत बीबीसी को नहीं दिया है। बिना सबूत के ही मोदी को इल्जामों में घेरे जाने के बाद केंद्र सरकार ने बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर बैन लगा दिया था।