newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Sonia In Rahul’s Yatra: राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं सोनिया, तबीयत खराब होने के कारण कुछ दूर चलने के बाद कार में बैठीं

सोनिया गांधी काफी दिनों से बीमार हैं। पिछले दिनों वो अमेरिका से इलाज कराकर भी लौटी हैं। इससे पहले उनको कोरोना भी हुआ था। सोनिया की इस यात्रा के बारे में कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि बतौर कांग्रेस अध्यक्ष ये सोनिया गांधी का आखिरी बड़ा कार्यक्रम है। वेणुगोपाल ने कहा कि ये ऐतिहासिक मौका है।

मांड्या। कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी आज सुबह बेटे राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं। कर्नाटक के मांड्या में सोनिया ने राहुल के साथ यात्रा में कदम मिलाए। कुछ दूर तक वो राहुल के साथ चलीं। जिसके बाद राहुल ने अपनी मां को यात्रा में चल रही एक कार में बिठा दिया। सोनिया गांधी काफी दिनों से बीमार हैं। पिछले दिनों वो अमेरिका से इलाज कराकर भी लौटी हैं। इससे पहले उनको कोरोना भी हुआ था। सोनिया की इस यात्रा के बारे में कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि बतौर कांग्रेस अध्यक्ष ये सोनिया गांधी का आखिरी बड़ा कार्यक्रम है। वेणुगोपाल ने कहा कि ये ऐतिहासिक मौका है और सोनिया के शामिल होने से भारत जोड़ो यात्रा को बल मिलेगा।

sonia gandhi in bharat jodo yatra

बता दें कि राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर के श्रीनगर तक भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। ये यात्रा 150 दिन में पूरी होगी। इस दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता 3500 किलोमीटर से ज्यादा की पदयात्रा कर रहे हैं। इस यात्रा के दौरान राहुल केरल, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, यूपी, राजस्थान पंजाब, हरियाणा से होकर गुजरेंगे, लेकिन उन्होंने इसके रूट में हिमाचल प्रदेश और गुजरात को शामिल नहीं किया है। हिमाचल और गुजरात में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस दोनों ही राज्यों में अपनी वापसी के लिए स्थानीय इकाइयों के जरिए जोर लगा रही है।

राहुल गांधी ने इससे पहले 18 दिन तक केरल में भारत जोड़ो यात्रा की। इस यात्रा का सबसे छोटा हिस्सा यूपी में रहेगा। यूपी में भारत जोड़ो यात्रा सिर्फ 2 दिन के लिए होगी। राहुल गांधी अब तक की यात्रा में कई विवादों में भी घिरे हैं। उनपर सरेआम गाय काटने वाले कांग्रेसी नेता के साथ यात्रा, हिंदू देवी देवताओं के विरोधी पादरी से मुलाकात और कर्नाटक के वन नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा है।