newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Subhash Yadav Arrested: लालू के करीबी कहे जाने वाले सुभाष यादव को ईडी ने किया गिरफ्तार, बालू माफिया होने का है आरोप

Subhash Yadav Arrested: सुभाष यादव को आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव का बहुत करीबी बताया जाता है। जानकारी के मुताबिक सुभाष यादव पर पटना के कई थानों में केस भी दर्ज हैं। इनमें से ज्यादातर केस अवैध बालू खनन से जुड़े हैं। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुभाष के खिलाफ जांच शुरू की थी।

दानापुर। ईडी ने लालू यादव के करीबी सुभाष यादव को गिरफ्तार कर लिया है। सुभाष यादव के यहां शनिवार को ईडी ने छापा मारा था। इस छापे में सुभाष यादव के घर से 2 करोड़ रुपए मिले। इसके अलावा अकूत संपत्ति के दस्तावेज भी मिलने की बात सूत्रों से पता चली है। इससे पहले दिल्ली, पटना और धनबाद में सुभाष यादव के ठिकानों पर साल 2018 में इनकम टैक्स विभाग की टीमों ने छापा मारा था। सुभाष यादव ने 2019 में झारखंड के चतरा से आरजेडी के उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। उस चुनाव में उनको जीत नहीं मिल सकी थी।

arrest

सुभाष यादव को आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव का बहुत करीबी बताया जाता है। जानकारी के मुताबिक सुभाष यादव पर पटना के कई थानों में केस भी दर्ज हैं। इनमें से ज्यादातर केस अवैध बालू खनन से जुड़े हैं। सुभाष यादव के बारे में कहा जाता है कि बिहार में अवैध रेत खनन से जुड़े सभी काम वही करते हैं। सुभाष यादव के 12 ठिकानों पर जब 2018 में इनकम टैक्स की रेड हुई थी, उस वक्त बिहार की पूर्व सीएम और लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी का नाम भी आया था। उस वक्त आरोप लगा कि सुभाष यादव ने राबड़ी देवी के मां मरछिया कॉम्प्लेक्स में 3 फ्लैट खरीदे। कहा गया कि सुभाष यादव ने अपनी कंपनियों के जरिए ये फ्लैट 1.72 करोड़ का भुगतान कर खरीदे थे।

sushil kumar modi

बिहार के डिप्टी सीएम रहे और बीजेपी के नेता सुशील मोदी ने साल 2017 में लालू यादव पर बालू माफिया से साठगांठ का आरोप लगाया था। सुशील मोदी ने आरोप लगाया था कि बालू माफिया की मदद से राबड़ी देवी ने कौड़ी के भाव जमीन पर बिल्डर से एग्रीमेंट किया और मुफ्त में 18 फ्लैट की मालकिन बन गईं। सुशील कुमार मोदी ने इसके अलावा लालू के परिवार पर आय से ज्यादा संपत्ति हासिल करने का आरोप भी 2017 में लगाया था।