यूपी में आया भीषण आंधी-तूफान, 13 लोगों की हुई मौत

उत्तर प्रदेश में शनिवार रात तूफान और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। आगरा और कन्नौज में तूफान का कहर देखने को मिला। एक तरफ आगरा में ताज महल की मुख्य गुंबद के पीछे की रेलिंग गिर गई। वहीं कन्नौज में दर्जनों पेड़ गिर गए। 

Avatar Written by: May 31, 2020 12:57 pm

आगरा। उत्तर प्रदेश में शनिवार रात तूफान और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। आगरा और कन्नौज में तूफान का कहर देखने को मिला। एक तरफ आगरा में ताज महल की मुख्य गुंबद के पीछे की रेलिंग गिर गई। वहीं कन्नौज में दर्जनों पेड़ गिर गए।

इस तूफान की वजह से वहां 6 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि अगर इसमें उन्नाव के क्षेत्र को भी जोड़ दें तो मौत का यह आंकड़ा बढ़कर 13 तक पहुंच चुका है।

कन्नौज जिले के तिर्वा तहसील में तूफान से सबसे ज्यादा क्षति हुई है। राज्य सरकार ने मारे गए लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। शनिवार को आए चक्रवाती तूफान में दर्जनों पेड़, बिजली के पोल धराशायी हो गए जबकि मुर्गी फार्म, डेरी फार्म और गैस एजेंसी को भी नुकसान पहुंचा है। बिजली के पोल गिरने से एक दर्जन से ज्यादा गांवों में बिजली बाधित हो गई। कन्नौज के एसडीएम ने प्रभावित गावों में पहुंचकर हालात और नुकसान का जायजा लिया।

कन्नौज के तिर्वा में तेज आंधी की वजह से ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इससे ट्रैक्टर पर बैठे आठ साल के बच्चे की दबने से मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक इससे पहले जिले में इतना भीषण तूफान उन्होंने कभी नहीं देखा था। ठठिया क्षेत्र में एक व्यक्ति के सिर पर ओला गिरने से उसकी मौत हो गई जबकि दो जगह दीवार गिरने से दो लोगों की जान चली गई। वहीं पेड़ की डाल गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

बात ताजनगरी की करें तो 124 किलीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आई आंधी ने वहां तबाही मचा दी। मोहब्बत की मिसाल ताजमहल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। आंधी से मुख्य मकबरे के पीछे यमुना की तरफ की पत्थर की जालीदार रेलिंग गिर गई। पूर्वी व पश्चिमी गेट पर प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर मशीन, फाइबर की छत, ऑटोमेटिक गेट ध्वस्त हो गए। स्मारक के अंदर भी कई पत्थर गिरे हैं।

Latest